विकास चित्र प्रदर्शनी में गूंजी जनकल्याण योजनाओं की उपलब्धियां, सपना कश्यप और प्रमोद ऊंटवाल ने किया अवलोकन

मुजफ्फरनगर। केंद्र सरकार के 12 वर्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सूचना विभाग द्वारा जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास केंद्र (सोल्जर बोर्ड) के मानेकशॉ सभागार में आयोजित विकास चित्र प्रदर्शनी के तीसरे दिन जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ नागरिकों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। 17 से 20 जून 2026 तक आयोजित इस प्रदर्शनी में केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, नीतियों और उपलब्धियों को चित्रों एवं प्रदर्शनों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है।राज्य महिला आयोग की सदस्य सपना कश्यप, पूर्व विधायक पुरकाजी प्रमोद ऊंटवाल, अन्य जनप्रतिनिधियों तथा वरिष्ठ नागरिकों ने प्रदर्शनी का निरीक्षण कर विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर सपना कश्यप ने कहा कि विकास चित्र प्रदर्शनी के माध्यम से केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों एवं जनहितकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में अनेक प्रभावी योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

प्रमोद ऊंटवाल ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश और प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रत्येक नागरिक का विकास आवश्यक है। उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत, जन धन योजना, मुद्रा योजना, पीएम स्वनिधि, पीएम सूर्य घर, पीएम विश्वकर्मा योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ सहित विभिन्न केंद्रीय योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, सामूहिक विवाह योजना, अभ्युदय योजना, कृषक दुर्घटना सहायता योजना और विभिन्न पेंशन योजनाओं जैसी प्रदेश सरकार की उपलब्धियों पर भी प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में भारत माता, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग से संबद्ध कलाकारों ने लोकगीतों और कृषि विकास गीतों की प्रस्तुतियों के माध्यम से सरकारी योजनाओं का संदेश लोगों तक पहुंचाया। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष विशाल गर्ग, अपर जिला सूचना अधिकारी नरसिंह, जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कर्नल संजीव चौहान सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts