शाहपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 25.33 किलो डोडा और स्विफ्ट कार समेत चार तस्कर गिरफ्तार.

मुजफ्फरनगर के शाहपुर थाना क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सहारनपुर परिक्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी, प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री और नशे के नेटवर्क पर प्रभावी रोकथाम के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन सवेरा–नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर’ अभियान के अंतर्गत शाहपुर पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ बरामद किया है। यह अभियान पुलिस उपमहानिरीक्षक, सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देशन में सहारनपुर मंडल के तीनों जनपदों में चलाया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार शाहपुर थाना क्षेत्र में सूचना प्राप्त हुई थी कि कुछ तस्कर अवैध मादक पदार्थ लेकर ग्राम खतौला मोड़ की ओर आने वाले हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने क्षेत्र में चेकिंग अभियान शुरू कर दिया। इसी दौरान ग्राम माण्डी की ओर से एक स्विफ्ट कार आती दिखाई दी। पुलिस ने वाहन को रोककर जांच करने का संकेत दिया, लेकिन कार सवारों ने पुलिस को देखकर वाहन मोड़ लिया और भागने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए वाहन का पीछा किया और घेराबंदी कर खतौला मोड़ के पास ग्राम कुटबा-कुटबी मार्ग पर कार को रोक लिया।पुलिस ने आवश्यक बल प्रयोग करते हुए कार में सवार चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान वाहन से 25.33 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट कार को भी कब्जे में ले लिया गया। पुलिस का मानना है कि गिरफ्तार आरोपी क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की आपूर्ति करने वाले नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं और उनसे पूछताछ के आधार पर आगे भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को आगे भी इसी तरह जारी रखा जाएगा और अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई को नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts