मुजफ्फरनगर। माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा संचालित केंद्र एवं राज्य स्तरीय बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान में विकास भवन सभागार में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम लखनऊ के लोक भवन सभागार में आयोजित राज्य स्तरीय सम्मान समारोह के सजीव प्रसारण के साथ संपन्न हुआ। प्रदेश स्तर पर कुल 1,682 मेधावी छात्र-छात्राओं, उनके अभिभावकों तथा प्रधानाचार्यों को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि ये प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रदेश और देश का उज्ज्वल भविष्य हैं। उन्होंने विद्यार्थियों की सफलता के पीछे अभिभावकों के त्याग, शिक्षकों के मार्गदर्शन और विद्यालयों की भूमिका की सराहना की। राज्य स्तर पर उच्च अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को एक लाख रुपये का चेक, प्रशस्ति पत्र, मेडल और शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया।
जनपद स्तर पर आयोजित समारोह में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री अनिल कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ नगर पालिका परिषद अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप, राष्ट्रीय लोकदल के जिला अध्यक्ष संजय राठी, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, मुख्य विकास अधिकारी कमल किशोर, जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश श्रीवास्तव सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में हाईस्कूल के 9 तथा इंटरमीडिएट के 10 मेधावी छात्र-छात्राओं को उनके अभिभावकों और विद्यालयों के प्रधानाचार्यों सहित प्रशस्ति पत्र, मेडल एवं 21 हजार रुपये का चेक देकर सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में मंत्री अनिल कुमार ने कहा कि वर्तमान युग विज्ञान, नवाचार और तकनीक का युग है तथा विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा से यह सिद्ध कर दिया है कि वे देश के भविष्य को नई दिशा देने में सक्षम हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि बच्चों को उनकी रुचि के अनुसार आगे बढ़ने का अवसर दें, जिससे वे अपने लक्ष्य में सफलता प्राप्त कर सकें। उन्होंने छोटे बच्चों को मोबाइल फोन से दूर रखने और तकनीक का संतुलित उपयोग करने की सलाह भी दी।
मीनाक्षी स्वरूप ने विद्यार्थियों को अनुशासन, मेहनत और निरंतर अध्ययन का संदेश देते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। संजय राठी ने कहा कि मेधावियों की उपलब्धियां पूरे जनपद का गौरव हैं और ऐसे सम्मान समारोह युवाओं में प्रतिस्पर्धा और उत्कृष्टता की भावना को बढ़ावा देते हैं। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने कहा कि प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का सम्मान समाज और शिक्षा व्यवस्था दोनों के लिए प्रेरणास्रोत है। कार्यक्रम के अंत में माध्यमिक शिक्षा विभाग ने सभी सम्मानित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर अमर उजाला संस्थान द्वारा भी मेधावी छात्र-छात्राओं को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन बाल कल्याण समिति के सदस्य राजीव कुमार ने किया।















