मुज़फ्फरनगर। बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय, मुज़फ्फरनगर में राष्ट्रीय एवं राज्य अध्यापक पुरस्कार से सम्मानित शिक्षकों की संस्था शिक्षक वेलफेयर सोसाइटी, सहारनपुर मंडल की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का संचालन राष्ट्रीय अध्यापक पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय राजपुर-छाजपुर के प्रधानाध्यापक बृजपाल सिंह राठी ने किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार रहे। बैठक में मंडल और जनपद के विभिन्न राष्ट्रीय एवं राज्य पुरस्कार प्राप्त शिक्षकों ने भाग लेते हुए शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने के लिए अपने विचार साझा किए।
बैठक के दौरान पुरस्कृत शिक्षकों की विभिन्न मांगों और मूलभूत आवश्यकताओं पर विस्तार से चर्चा की गई। शिक्षकों ने केंद्र सरकार की तर्ज पर सेवा अवधि में तीन वर्ष की वृद्धि तथा व्यक्तिगत वेतनमान के स्थान पर एक अतिरिक्त वेतन वृद्धि प्रदान किए जाने जैसे विषयों को प्रमुखता से उठाया। इस अवसर पर एक विशेष पहल के तहत जनपद मुज़फ्फरनगर के सभी राष्ट्रीय एवं राज्य अध्यापक पुरस्कार प्राप्त शिक्षकों के नाम, पदनाम, विद्यालय तथा पुरस्कार प्राप्ति वर्ष का विवरण अंकित शिलापट्ट स्थापित कराया गया। इस शिलापट्ट का अनावरण और स्थापना जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी की उपस्थिति में सम्मानित शिक्षकों के बीच संपन्न हुई, जिसकी सभी उपस्थित शिक्षकों ने सराहना की।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि सम्मानित शिक्षक शिक्षा विभाग की अमूल्य धरोहर हैं और उनके अनुभव का लाभ नई पीढ़ी के शिक्षकों तथा विद्यार्थियों तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने सभी पुरस्कृत शिक्षकों से शिक्षा की गुणवत्ता में गुणात्मक सुधार लाने के लिए एक टीम के रूप में कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने निपुण भारत मिशन, इको क्लब, स्कूल चलो अभियान सहित विभिन्न विभागीय कार्यक्रमों में सक्रिय सहयोग देने की अपील की। साथ ही सुझाव दिया कि नवाचारी शिक्षकों की टीम बनाकर नई-नई शिक्षण पद्धतियों को विद्यालयों में लागू किया जाए ताकि विद्यार्थियों को बेहतर और आधुनिक शिक्षा उपलब्ध हो सके।
बैठक में सोसाइटी के संरक्षक महावीर सिंह, मंत्री ऋषिपाल, मंडल अध्यक्ष मनोज कुमार, शामली जिला अध्यक्ष अजय मलिक सहित मुज़फ्फरनगर जनपद के अनेक राष्ट्रीय एवं राज्य पुरस्कार प्राप्त शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के संयोजक पूर्वी पाठशाला के पूर्व प्रधानाध्यापक सीताराम रहे। बैठक के दौरान सूक्ष्म जलपान की व्यवस्था भी की गई। अंत में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन के साथ बैठक समाप्ति की घोषणा की गई।















