अहिल्याबाई होल्कर की 301वीं जयंती पर श्रद्धांजलि, समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण का लिया संकल्प.

मुजफ्फरनगर। लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 301वीं जयंती पर शहर में आयोजित कार्यक्रम में उनके आदर्शों और लोककल्याणकारी कार्यों को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। जिला अस्पताल चौराहे पर स्थित अहिल्याबाई होल्कर स्मारक पर आयोजित समारोह में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान नगरपालिका परिषद अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप एवं भाजपा नेता गौरव स्वरूप ने स्मारक स्थल पहुंचकर प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। इसके बाद आयोजित वैदिक हवन में शामिल होकर समाज में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की गई। समारोह में वक्ताओं ने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर का जीवन सेवा, न्याय और जनहित के प्रति समर्पण का अद्भुत उदाहरण है। उन्होंने अपने शासनकाल में जनता की समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए विकास और धार्मिक संरक्षण के अनेक कार्य कराए, जिनकी छाप आज भी देशभर में दिखाई देती है।मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि लोकमाता ने शासन व्यवस्था को जनसेवा का माध्यम बनाया और महिलाओं के लिए प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि नगर में स्थापित स्मारक को भव्य स्वरूप देने के लिए नगरपालिका परिषद द्वारा विशेष विकास कार्य कराए गए हैं। इसके साथ ही स्मारक के समीप अहिल्याबाई होल्कर द्वार के निर्माण की योजना पर भी कार्य किया जा रहा है, जिससे आने वाली पीढ़ियां उनके योगदान से परिचित हो सकें।

गौरव स्वरूप ने अपने संबोधन में कहा कि लोकमाता ने देश के अनेक प्रमुख धार्मिक स्थलों के संरक्षण और पुनर्निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका जीवन राष्ट्रसेवा, धर्मनिष्ठा और समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में भी उनके विचार और कार्यशैली समाज को नई दिशा देने का काम कर रहे हैं।समारोह में उपस्थित लोगों ने लोकमाता के जीवन से प्रेरणा लेकर सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत में देवी अहिल्याबाई होल्कर स्मारक समिति की ओर से अतिथियों का सम्मान किया गया। इस अवसर पर समिति के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, सभासद तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग मौजूद रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts