मुजफ्फरनगर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर महावीर चौक स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय में ऐतिहासिक भारत की महान शासिका एवं लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनकी तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके जीवन, कार्यों और जनकल्याणकारी योगदान को याद किया।
कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं महानगर अध्यक्ष बॉबी त्यागी, जिला महासचिव सोमपाल सिंह कोरी सहित अन्य नेताओं ने कहा कि अहिल्याबाई होलकर भारतीय इतिहास की ऐसी महान शासिका थीं, जिन्होंने अपने शासनकाल में न्याय, धर्म और जनसेवा की अद्वितीय मिसाल प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई का प्रशासन निष्पक्ष न्याय व्यवस्था के लिए जाना जाता था। वह स्वयं जनता की समस्याओं को सुनती थीं और उनके त्वरित समाधान के लिए कार्य करती थीं। यही कारण है कि उन्हें आज भी एक आदर्श शासक के रूप में सम्मान के साथ याद किया जाता है।
वक्ताओं ने कहा कि अहिल्याबाई होलकर ने देश के अनेक प्रमुख तीर्थस्थलों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके प्रयासों से काशी विश्वनाथ मंदिर और सोमनाथ मंदिर जैसे धार्मिक स्थलों का जीर्णोद्धार हुआ। इसके अलावा उन्होंने विभिन्न धार्मिक स्थलों पर मंदिरों, घाटों और धर्मशालाओं का निर्माण कर श्रद्धालुओं के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराईं। उन्होंने सड़कों और अन्य बुनियादी ढांचे के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया, जिससे व्यापार और आवागमन को बढ़ावा मिला।
सपा नेताओं ने कहा कि अहिल्याबाई होलकर किसानों के हितों के प्रति भी संवेदनशील थीं। उन्होंने कृषि उत्पादन को बढ़ाने तथा व्यापारिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए। उनका जीवन त्याग, सेवा, न्याय और लोककल्याण की भावना से प्रेरित था, जो आज की पीढ़ी के लिए भी मार्गदर्शक है। कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ताओं ने उनके आदर्शों को अपनाने और समाज में समानता, न्याय तथा सेवा की भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर जिला मीडिया प्रभारी साजिद हसन, जिला उपाध्यक्ष रमेशचंद शर्मा, जिला कोषाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह नीटू, अंकित शर्मा, महिला सभा जिलाध्यक्ष पूजा अनिल अंबेडकर, सपा नेत्री दीप्ति पाल, पूर्व चेयरमैन चौधरी ओमपाल सिंह, मीर हसन, अरशद मलिक, रामपाल सिंह पाल, अनुज कुमार गुर्जर, गगन महावी, फरमान मोनू, तरुण शर्मा, पंकज शर्मा सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।























































