मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के मंत्री अनिल कुमार ने पुरकाजी विधानसभा क्षेत्र में जनहित से जुड़ी एक महत्वपूर्ण परियोजना का शुभारंभ करते हुए बरला–बसेड़ा–मोरना मार्ग के मध्य गंग नहर पर स्थित क्षतिग्रस्त सेतु के पुनर्निर्माण कार्य का विधिवत भूमि पूजन किया। लंबे समय से जर्जर और क्षतिग्रस्त होने के कारण इस पुल पर आवागमन बंद कर दिया गया था, जिससे क्षेत्र के हजारों लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। विशेष रूप से किसानों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और दैनिक यात्रियों को वैकल्पिक मार्गों से होकर लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी।
भूमि पूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री अनिल कुमार ने कहा कि क्षेत्रवासियों की यह एक पुरानी और प्रमुख मांग थी, जिसे प्रदेश सरकार ने गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति प्रदान की है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने और जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। इसी क्रम में इस महत्वपूर्ण सेतु निर्माण परियोजना को मंजूरी दी गई है।उन्होंने बताया कि लगभग 15 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से दोनों सेतुओं का निर्माण कराया जाएगा। यह परियोजना पूर्ण होने के बाद क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी तथा लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा प्राप्त होगी। साथ ही कृषि उत्पादों के परिवहन में आसानी होगी, जिससे किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्रीय संपर्क बेहतर होने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।
मंत्री ने कहा कि यह निर्माण कार्य केवल एक पुल का निर्माण नहीं है, बल्कि क्षेत्र के विकास और जनता की सुविधा से जुड़ा एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने इस उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए भरोसा दिलाया कि सरकार विकास कार्यों को इसी प्रकार आगे बढ़ाती रहेगी।कार्यक्रम की अध्यक्षता तीतावी गन्ना समिति के अध्यक्ष शंकर सिंह भोला ने की, जबकि संचालन भाजपा के वरिष्ठ नेता पंकज त्यागी ने किया। इस अवसर पर बिजनौर लोकसभा सांसद चंदन चौहान, विधान परिषद सदस्य वंदना वर्मा, मंडल अध्यक्ष प्रभात तोमर, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय राठी, सुप्रिया पाल, अमरनाथ पाल सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।























































