गर्मियों जो एक फल सबसे ज्यादा पसंद किया जाता है वो है आम. ये न सिर्फ स्वाद में लाजवाब होता है बल्कि सेहत को भी कई फायदे देता है. बच्चों से बड़े तक आम के शौकीन है और बड़े चाव से इस मीठे-रसीले फल को खाना पसंद करते हैं. सबसे खास बात ये है कि आम से आप कई तरह की डिश और ड्रिंक भी बना सकते हैं. लेकिन कई लोग इसे लंबे समय तक ताजा रखने के लिए सीधे फ्रिज में रख देते हैं. वहीं कुछ लोगों का मानना है कि आम को कमरे के तापमान पर ही रखना चाहिए. ऐसे में अक्सर यह सवाल उठता है कि आखिर आम को स्टोर करने का सही तरीका क्या है? क्या फ्रिज में रखने से इसका स्वाद या क्वालिटी प्रभावित होती है. दरअसल, आम को सही तरीके से स्टोर करना बेहद जरूरी है, क्योंकि गलत तरीके से रखने पर यह जल्दी खराब हो सकता है या उसका प्राकृतिक स्वाद कम हो सकता है. अगर आप भी चाहते हैं कि आम ज्यादा समय तक ताजा, मीठा और रसदार बना रहे, तो इसके लिए सही स्टोरेज टिप्स जानना बेहद जरूरी है. चलिए जानते हैं आम को फ्रिज में रखना चाहिए या नहीं ?
आम को फ्रिज में रखना चाहिए या नहीं?
अगर आम पूरी तरह पका नहीं है, तो उसे फ्रिज में नहीं रखना चाहिए. कच्चे या आधे पके आम को कमरे के तापमान पर रखने से वह प्राकृतिक तरीके से पकता है और उसका स्वाद बेहतर बना रहता है. वहीं, जब आम पूरी तरह पक जाए, तब उसे फ्रिज में रखा जा सकता है. फ्रिज में रखने से पका हुआ आम 4-5 दिन तक ताजा रह सकता है और उसकी मिठास भी बनी रहती है. हालांकि बहुत ज्यादा ठंड में रखने से आम का स्वाद और टेक्सचर थोड़ा बदल सकता है, इसलिए इसे जरूरत के हिसाब से ही ठंडा करें.
आम स्टोर करने का सही तरीका
पेपर बैग में रखें- अगर आम कच्चा है और उसे जल्दी पकाना है, तो उसे पेपर बैग या अखबार में लपेटकर रखें. इससे आम जल्दी और समान रूप से पकता है. प्लास्टिक बैग का इस्तेमाल करने से नमी बढ़ सकती है और आम खराब हो सकता है.
सूखी और ठंडी जगह पर स्टोर करें- आम को हमेशा ऐसी जगह रखें जहां सीधी धूप न आती हो. ज्यादा गर्मी में रखने से आम जल्दी खराब हो सकता है. कमरे के सामान्य तापमान पर और हवादार जगह में रखने से आम लंबे समय तक सही रहता है.
कटे हुए आम को एयरटाइट कंटेनर में रखें- अगर आम काट लिया है और बच गया है, तो उसे खुले में न छोड़ें. कटे हुए आम को एयरटाइट कंटेनर में रखकर फ्रिज में स्टोर करें. इससे उसका स्वाद और ताजगी बनी रहती है और वह जल्दी सूखता नहीं है.
फ्रीजर में स्टोर करें- अगर आप आम को कई दिनों या महीनों तक स्टोर करना चाहते हैं, तो उसे छोटे टुकड़ों में काटकर फ्रीजर में रख सकते हैं. एयरटाइट बॉक्स या जिप लॉक बैग में स्टोर करने से आम लंबे समय तक इस्तेमाल किया जा सकता है.























































