अंशकालिक अनुदेशकों का बढ़ा मानदेय, मुजफ्फरनगर में सम्मान समारोह आयोजित

मुजफ्फरनगर में अंशकालिक अनुदेशकों के बढ़े हुए मानदेय के भुगतान एवं सम्मान समारोह का आयोजन जिला पंचायत सभागार, कलेक्ट्रेट में किया गया। यह कार्यक्रम लखनऊ स्थित लोक भवन सभागार में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह के सजीव प्रसारण के रूप में संपन्न हुआ, जिसे एलईडी स्क्रीन के माध्यम से उपस्थित लोगों को दिखाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री अनिल कुमार, राष्ट्रीय लोकदल जिलाध्यक्ष संजय राठी, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण, नगर मजिस्ट्रेट पंकज सिंह राठौड़ तथा तहसीलदार राधेश्याम गौड़ द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की, जबकि मंच संचालन बाल कल्याण समिति सदस्य राजीव कुमार ने किया। कार्यक्रम में जिले के सभी विकास खंडों के खंड शिक्षा अधिकारी, 108 अंशकालिक अनुदेशक व अनुदेशिकाएं, शिक्षक एवं अन्य गणमान्य लोगों सहित लगभग 250 लोगों ने भाग लिया।

मुख्यमंत्री द्वारा अंशकालिक अनुदेशकों का मानदेय 9000 रुपये से बढ़ाकर 17000 रुपये प्रतिमाह किए जाने की घोषणा 1 अप्रैल 2026 से लागू कर दी गई है। समारोह के दौरान बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में अनुदेशकों की महत्वपूर्ण भूमिका है और सरकार शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने स्मार्ट क्लास, आईसीटी लै, मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय तथा कस्तूरबा गांधी विद्यालयों के उच्चीकरण की योजनाओं की जानकारी भी दी। उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि शिक्षा विभाग के सहयोग के बिना शिक्षा में सकारात्मक परिवर्तन संभव नहीं है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अनुदेशकों को बधाई देते हुए पांच लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा, छह माह का सवेतन मातृत्व अवकाश तथा स्वेच्छानुसार विद्यालय परिवर्तन की सुविधा देने की घोषणा की। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों द्वारा अनुदेशकों को 17000 रुपये की प्रतीकात्मक चेक राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया। जिला समन्वयक सुशील कुमार के विशेष सहयोग की सराहना की गई तथा अंत में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, मीडिया कर्मियों और अनुदेशकों का आभार व्यक्त किया।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts