मुजफ्फरनगर में महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण और जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ ने थाना जानसठ पहुंचकर मिशन शक्ति केंद्र और साइबर हेल्प डेस्क का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर की व्यवस्थाओं, अभिलेखों, महिला हेल्प डेस्क तथा मिशन शक्ति अभियान से जुड़ी गतिविधियों का गहनता से अवलोकन किया। इस दौरान थाना स्तर पर महिलाओं की सुरक्षा और शिकायतों के निस्तारण के लिए किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा भी की गई। पुलिस अधीक्षक अपराध ने थाना जानसठ पर नियुक्त नवागत पुरुष एवं महिला आरक्षियों से संवाद कर उनके प्रशिक्षण, कार्यप्रणाली और ड्यूटी से संबंधित जानकारी प्राप्त की। उन्होंने पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि महिला अपराधों और महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में पूरी संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ कार्य किया जाए तथा पीड़ित महिलाओं की समस्याओं को सहानुभूतिपूर्वक सुनते हुए उन्हें त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जाए।
निरीक्षण के दौरान साइबर हेल्प डेस्क की कार्यप्रणाली की भी समीक्षा की गई। साइबर अपराधों से संबंधित प्राप्त शिकायतों के निस्तारण, ऑनलाइन फ्रॉड से बचाव के लिए आमजन को जागरूक करने और साइबर हेल्पलाइन के प्रभावी संचालन को लेकर आवश्यक जानकारी ली गई। संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए गए कि साइबर अपराध से पीड़ित लोगों की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए ताकि पीड़ितों को शीघ्र राहत मिल सके। मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत संचालित एंटी रोमियो टीमों की गतिविधियों की भी समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक अपराध ने विद्यालयों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थलों पर चलाए जा रहे चेकिंग एवं जागरूकता अभियानों की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि एंटी रोमियो टीमें नियमित रूप से सार्वजनिक स्थानों पर भ्रमण करें और महिलाओं तथा बालिकाओं में सुरक्षा की भावना को मजबूत करें। साथ ही असामाजिक तत्वों के खिलाफ प्रभावी और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने उपस्थित पुलिसकर्मियों को आमजन, विशेषकर महिलाओं और पीड़ित व्यक्तियों के साथ विनम्र, संयमित और संवेदनशील व्यवहार करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी जानसठ ऋषिका सिंह, थाना प्रभारी विनोद कुमार सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।























































