मुजफ्फरनगर में बाल सुरक्षा और मानव तस्करी रोकथाम को लेकर पुलिस की मासिक गोष्ठी आयोजित

मुजफ्फरनगर में महिला एवं बाल सुरक्षा, मानव तस्करी की रोकथाम तथा मिशन शक्ति अभियान को प्रभावी रूप से लागू करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ की अध्यक्षता में एएचटीयू टीम, जनपद के समस्त थानों के बाल कल्याण अधिकारियों एवं विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों के साथ मासिक गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में बाल संरक्षण से जुड़े विभिन्न संवेदनशील विषयों पर विस्तार से चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

गोष्ठी के दौरान पोक्सो एक्ट, जेजे एक्ट, बाल अपचारी मामलों, बाल श्रम, भिक्षावृत्ति, मानव तस्करी, कोटपा एक्ट तथा मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत की जा रही कार्रवाई की समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक अपराध ने कहा कि बच्चों एवं महिलाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस दिशा में सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाल शोषण, बाल तस्करी एवं बाल श्रम से संबंधित मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा पीड़ित बच्चों को समय पर सहायता उपलब्ध कराई जाए।

बैठक में विभागीय समन्वय को और मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि बाल कल्याण से जुड़े मामलों में पुलिस, श्रम विभाग, चाइल्ड लाइन, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण तथा बाल संरक्षण इकाई आपस में निरंतर संपर्क बनाए रखें ताकि जरूरतमंद बच्चों तक तत्काल सहायता पहुंचाई जा सके। साथ ही मिशन शक्ति अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रमों को ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर संचालित करने की बात कही गई।

गोष्ठी में अभियोजन अधिकारी नितिन कुमार, सीडब्ल्यूसी अध्यक्ष रीना पवार, सचिन कुमार, चाइल्ड लाइन से गौरव मलिक, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से गजेंद्र सिंह, कैलाश सत्यार्थी फाउंडेशन के प्रतिनिधि, वन स्टॉप सेंटर निरीक्षक रेनू सक्सेना, रितु चौधरी, सामाजिक कार्यकर्ता गजल यासमीन, जिला बाल संरक्षण इकाई से नीना त्यागी तथा श्रम विभाग से संदीप कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। जनपद के सभी थानों के बाल कल्याण अधिकारियों ने भी गोष्ठी में प्रतिभाग कर बाल सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर अपने सुझाव साझा किए।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts