मुजफ्फरनगर। जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकान गणना की प्रक्रिया को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी ने जनपद के सभी नागरिकों से स्व-गणना अभियान में सक्रिय भागीदारी करने की अपील करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में जनगणना का प्रथम चरण 22 मई 2026 से 20 जून 2026 तक संचालित किया जाएगा। इससे पहले आमजन को 15 दिनों की विशेष अवधि में स्वयं अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज करने की सुविधा दी गई है। यह स्व-गणना प्रक्रिया 7 मई से शुरू होकर 21 मई 2026 तक चलेगी। प्रशासन का कहना है कि यह पहल जनगणना प्रक्रिया को अधिक सरल, पारदर्शी और प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
जिलाधिकारी ने बताया कि नागरिक जनगणना पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाकर अपने परिवार की जानकारी स्वयं दर्ज कर सकते हैं। इससे जनगणना टीम के सत्यापन कार्य में आसानी होगी और प्रक्रिया तेजी से पूरी हो सकेगी। उन्होंने कहा कि स्व-गणना से नागरिकों का समय भी बचेगा और सरकारी आंकड़ों की सटीकता भी बढ़ेगी।
प्रशासन द्वारा विभिन्न वर्गों तक अभियान की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए दिवसवार विषयगत रणनीति भी बनाई गई है। इसके अंतर्गत अलग-अलग तिथियों पर राजस्व एवं प्रशासन दिवस, स्थानीय निकाय दिवस, युवा एवं खेल एवं मीडिया दिवस, शिक्षा दिवस, स्वास्थ्य दिवस, उद्योग एवं परिवहन दिवस, महिला एवं स्वयं सहायता समूह दिवस तथा डिजिटल सहायता दिवस आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में संबंधित विभागों के सहयोग से लोगों को स्व-गणना के प्रति जागरूक किया जाएगा तथा ऑनलाइन प्रक्रिया में सहायता भी प्रदान की जाएगी।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि सभी नागरिक स्व-गणना पोर्टल का उपयोग कर समय रहते अपनी जानकारी दर्ज करें और अपने परिवार, रिश्तेदारों तथा परिचितों को भी इसके लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं और संसाधनों के सही वितरण का आधार होती है, इसलिए प्रत्येक नागरिक का सहयोग बेहद आवश्यक है। प्रशासन ने लोगों से जनगणना कार्य में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरा सहयोग देने तथा इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।























































