मुजफ्फरनगर। तितावी थाना क्षेत्र में लूट की एक सूचना ने उस समय नया मोड़ ले लिया जब पुलिस जांच में पूरा मामला फर्जी निकला। जानकारी के अनुसार, शामली जनपद के थानाभवन क्षेत्र के ग्राम भैंसानी निवासी 19 वर्षीय बिलाल पुत्र आबिद ने डायल-112 पर सूचना दी कि नंगला पिथौरा-पीपलहेडा मार्ग पर अज्ञात मोटरसाइकिल सवारों ने उसकी बाइक रोककर उसके साथ मारपीट की और 37,500 रुपये लूट लिए। सूचना मिलते ही तितावी थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। प्रारंभिक जांच में ही घटना संदिग्ध प्रतीत हुई, जिसके बाद पुलिस ने सूचनाकर्ता युवक से गहन पूछताछ की।
पूछताछ में जो सच्चाई सामने आई, उसने सभी को चौंका दिया। युवक ने स्वीकार किया कि उसने ऑनलाइन गेमिंग और शॉपिंग में घर से लिए गए करीब 50,000 रुपये खर्च कर दिए थे। जब उसे घरवालों की डांट का डर सताने लगा तो उसने खुद को बचाने के लिए लूट की झूठी कहानी रच डाली। युवक ने खुद ही अपने कपड़े फाड़े और मोटरसाइकिल गिराकर घटना को वास्तविक दिखाने का प्रयास किया। पुलिस ने सच्चाई उजागर होने के बाद आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इस घटना के बाद पुलिस ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा है कि वे अपने बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर विशेष नजर रखें। वर्तमान समय में ऑनलाइन गेमिंग और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है, लेकिन इसके साथ कई जोखिम भी जुड़े हुए हैं। अभिभावकों को चाहिए कि वे बच्चों के मोबाइल और इंटरनेट उपयोग की नियमित निगरानी करें तथा उन्हें डिजिटल लेन-देन और गेमिंग के प्रति जागरूक बनाएं। यदि बच्चों के व्यवहार में अचानक बदलाव, अधिक खर्च या छिपाने की प्रवृत्ति नजर आए तो उसे गंभीरता से लें और समय रहते मार्गदर्शन दें।
पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि झूठी सूचना देना कानूनन अपराध है, जिससे न केवल कानून व्यवस्था प्रभावित होती है बल्कि पुलिस संसाधनों का भी दुरुपयोग होता है। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने अभिभावकों से बच्चों के साथ संवाद बनाए रखने और उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करने की अपील की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।























































