मुजफ्फरनगर। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत जिले के किसानों को राहत देते हुए खरीफ 2025 एवं रबी 2026 मौसम में फसल क्षति के लिए क्षतिपूर्ति राशि का वितरण किया गया। उप कृषि निदेशक प्रमोद सिरोही ने जानकारी देते हुए बताया कि निदेशक, कृषि सांख्यिकी एवं फसल बीमा, उत्तर प्रदेश, कृषि भवन लखनऊ के कार्यालय के पत्रांक दिनांक 30 अप्रैल 2026 के अनुपालन में यह भुगतान प्रक्रिया पूरी की गई। जिला स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में लाभान्वित किसानों के खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से कुल 4,93,438 रुपये की धनराशि भेजी गई।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख सदर अमित कुमार, सहारनपुर मंडल से संबंधित संकाय कृषि निदेशक/उप निदेशक (कृषि) यतेन्द्र सिंह, उप कृषि निदेशक प्रमोद सिरोही तथा जिला कृषि अधिकारी राहुल तेवतिया की उपस्थिति में चयनित किसानों को प्रतीकात्मक रूप से भुगतान की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि यह योजना किसानों को प्राकृतिक आपदाओं, अनियमित वर्षा, ओलावृष्टि या अन्य कारणों से हुई फसल क्षति की भरपाई करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
लाभान्वित किसानों में ग्राम मेहलकी निवासी समरपाल को 1,71,306.93 रुपये की सबसे अधिक राशि प्रदान की गई। इसके अलावा ग्राम भुम्मा निवासी विरेन्द्र कुमार को 37,439.74 रुपये, ऑचल धीमान को 28,070.85 रुपये तथा आरती को 27,820.05 रुपये की क्षतिपूर्ति राशि उनके बैंक खातों में भेजी गई। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने किसानों को फसल बीमा योजना के प्रति जागरूक रहने और समय पर पंजीकरण कराने की अपील भी की।
अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना किसानों के लिए सुरक्षा कवच के रूप में कार्य कर रही है, जिससे उन्हें प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान की भरपाई मिल सके। साथ ही यह भी कहा गया कि भविष्य में अधिक से अधिक किसानों को इस योजना से जोड़ने के प्रयास किए जाएंगे, ताकि हर जरूरतमंद किसान को समय पर आर्थिक सहायता मिल सके। जिले में इस तरह की पहल से किसानों में भरोसा बढ़ा है और कृषि क्षेत्र को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।























































