उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद की गौर ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी में बुधवार सुबह भीषण आग लग गई. आग तेरह मंजिला इमारत की नौवीं मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में सबसे पहले लगी. देखते ही देखते आग ने आसपास के कई फ्लैटों को अपनी चपेट में ले लिया. 9वीं से 12 वीं मंजिल तक 8 फ्लैट पूरी तरह जल चुके हैं. वहीं, घटना की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची हैं और आग बुझाने में जुटी हैं.12वें फ्लोर पर रहने वाले सुनील का कहना है कि वह दिल्ली में थे. जैसे ही उन्हें आग लगने की खबर मिली, उन्होंने परिवार से बात की. बच्चे रो रहे थे. परिवार बड़ी मुश्किल से फ्लैट से बाहर निकला है. सुनील का आरोप है के सोसाइटी में आग पर काबू करने के कोई भी इंतजाम नहीं है. बिल्डर को कुछ इंतजाम करने चाहिए. सुनील के फ्लैट की कीमत ढाई करोड़ रुपए है, जो पूरी तरीके से जल गया है.
शॉर्ट सर्किट की आशंका
आग लगने के कारणों को लेकर शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल पाएगा. प्रशासन ने इस घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं . इस घटना पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी संज्ञान लिया है. उन्होंने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं. साथ ही उन्होंने पुलिस कमिश्नर और जिलाधिकारी को मौके पर मौजूद रहकर स्थिति पर नजर रखने के आदेश दिए हैं. फिलहाल, सोसाइटी को पूरी तरह खाली करा लिया गया है.















