मुजफ्फरनगर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 4 बदमाश गिरफ्तार, भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद.

मुजफ्फरनगर में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा लगातार चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली नगर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन व क्षेत्राधिकारी नगर सिद्धार्थ के. मिश्रा के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम काली नदी पुल के पास संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग कर रही थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि न्याजूपुरा चरथावल रोड स्थित एक खाली प्लॉट में कुछ संदिग्ध लोग अवैध असलाह के साथ मौजूद हैं।सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर चारों ओर से घेराबंदी कर दी और दबिश देकर चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और आसपास के लोग भी मौके पर एकत्र हो गए। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक अवैध 32 बोर पिस्टल, दो खाली मैगजीन, नौ जिंदा कारतूस, पांच अवैध 315 बोर तमंचे और चार हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, पकड़े गए सभी अभियुक्त किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। समय रहते की गई इस कार्रवाई ने एक संभावित आपराधिक घटना को टाल दिया। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इन हथियारों का इस्तेमाल किन वारदातों में किया जाना था या पहले किया जा चुका है।कोतवाली नगर पुलिस द्वारा सभी अभियुक्तों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इस सफलता को पुलिस की सतर्कता और मुस्तैदी का परिणाम माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत हुई है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts