मुजफ्फरनगर में हीट वेव से निपटने की तैयारी तेज, सभी विभागों को सख्त निर्देश जारी

मुजफ्फरनगर में बढ़ती गर्मी और संभावित हीट वेव के खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में जिला पंचायत सभागार में हीट वेव से बचाव और कार्य योजना की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी उमेश कुमार मिश्रा ने की, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए और उनकी जिम्मेदारियां तय की गईं।जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि हीट वेव के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि सभी अस्पतालों में आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए और डॉक्टरों व प्रशिक्षित स्टाफ की तैनाती पूरी तरह सक्रिय रहे। उन्होंने बताया कि दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक का समय स्वास्थ्य के लिए सबसे अधिक खतरनाक हो सकता है, इसलिए लोगों को इस दौरान घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है। साथ ही तंग कपड़े न पहनने, ताजा भोजन करने और बीमार होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करने की हिदायत दी गई।

बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि किसी भी स्थिति में बच्चों और जानवरों को बंद वाहनों में न छोड़ा जाए, क्योंकि यह जानलेवा साबित हो सकता है। सरकारी कार्यालयों में प्राथमिक चिकित्सा किट की उपलब्धता पहले ही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जा चुके हैं, और यदि किसी संस्थान में किट नहीं पाई जाती है तो संबंधित विभागाध्यक्ष की जिम्मेदारी तय की जाएगी।परिवहन विभाग को निर्देशित किया गया कि सभी बस अड्डों और रेलवे स्टेशनों पर पेयजल, छाया और प्राथमिक चिकित्सा की समुचित व्यवस्था की जाए ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के नोडल अधिकारी गजेन्द्र कुमार ने बताया कि हीट वेव का सीधा असर शरीर की कार्यप्रणाली पर पड़ता है, जिससे हीट स्ट्रोक जैसी गंभीर स्थिति उत्पन्न हो सकती है। इससे बचाव के लिए अधिक से अधिक पानी पीने और खुद को ठंडा रखने की सलाह दी गई।

उन्होंने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि गर्मी के मौसम में केवल मनुष्य ही नहीं बल्कि पशु-पक्षियों को भी पानी की अत्यधिक आवश्यकता होती है। जहां इंसान अपनी जरूरत के अनुसार पानी की व्यवस्था कर सकता है, वहीं पक्षी और पशु पानी के लिए भटकते रहते हैं। ऐसे में लोगों को चाहिए कि वे अपने घरों के आसपास पानी के बर्तन रखें, जिससे इन बेजुबान जीवों की प्यास बुझाई जा सके और उनकी जान बचाई जा सके।बैठक में पशुपालन, सूचना, श्रम, वन, अग्निशमन, शिक्षा, नगर निकाय, पंचायत राज, पुलिस, राजस्व, जल निगम, आपूर्ति, खाद्य सुरक्षा, सिंचाई और कृषि विभाग सहित सभी संबंधित विभागों की जिम्मेदारियां स्पष्ट रूप से तय की गईं। जिलाधिकारी ने बैठक में अनुपस्थित अधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब करने के भी निर्देश दिए और कहा कि हीट वेव सरकार की प्राथमिकता में शामिल है, इसलिए इसमें किसी भी तरह की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।इसके अलावा कलेक्ट्रेट स्थित इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर में कंट्रोल रूम भी सक्रिय कर दिया गया है, जहां किसी भी आपदा की स्थिति में टोल फ्री नंबर 1077, 01312436918 और 9412210080 पर संपर्क किया जा सकता है। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे सावधानी बरतें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts