मिशन शक्ति 5.0 के तहत मुजफ्फरनगर में ‘एक दिन की जिलाधिकारी’ कार्यक्रम आयोजित,

मुजफ्फरनगर में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को समर्पित विशेष अभियान “मिशन शक्ति 5.0” के अंतर्गत एक प्रेरणादायक कार्यक्रम “एक दिन की जिलाधिकारी” का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं को प्रशासनिक कार्यप्रणाली से परिचित कराना, उनमें नेतृत्व क्षमता का विकास करना तथा आत्मविश्वास और जागरूकता को बढ़ावा देना रहा। कार्यक्रम के दौरान जनपद के विभिन्न विद्यालयों की मेधावी छात्राओं ने प्रशासनिक पदों की सांकेतिक जिम्मेदारी निभाते हुए शासन-प्रशासन की कार्यशैली को करीब से समझा।

इस अवसर पर दिव्यांशी यादव ने जिलाधिकारी (DM) और प्रिया यादव ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) की भूमिका निभाई। इसके अलावा मानशी वर्मा ने मुख्य विकास अधिकारी (CDO), आरती ने अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), अंजली सक्सेना ने अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), एंजेल कपिल ने सिटी मजिस्ट्रेट तथा शगुन वर्मा ने जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी की भूमिका का निर्वहन किया। छात्राओं ने अपने-अपने पदों के अनुरूप कार्यों को समझते हुए प्रशासनिक निर्णय प्रक्रिया, जनसुनवाई और समस्याओं के समाधान की प्रणाली का अनुभव प्राप्त किया।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने बालिकाओं को शासन की विभिन्न योजनाओं, जनकल्याणकारी नीतियों और प्रशासनिक जिम्मेदारियों की विस्तार से जानकारी दी। साथ ही उन्हें यह बताया गया कि किस प्रकार आम जनता की समस्याओं को सुनकर उनका समाधान किया जाता है और किस तरह एक अधिकारी समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकता है। अधिकारियों ने बालिकाओं को शिक्षा के महत्व, सुरक्षा के अधिकार, आत्मनिर्भर बनने की आवश्यकता और समाज में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।उपस्थित अधिकारियों ने अपने संबोधन में कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना, उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। इस अभियान के माध्यम से विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी घर-घर तक पहुंचाई जा रही है, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं और बालिकाएं इसका लाभ उठा सकें।कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागी बालिकाओं को प्रोत्साहन स्वरूप डिक्शनरी और पेन प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। यह आयोजन न केवल बालिकाओं के लिए एक अनूठा अनुभव साबित हुआ, बल्कि उनके भीतर प्रशासनिक सेवाओं के प्रति रुचि और समाज में नेतृत्व करने का आत्मविश्वास भी विकसित करने में सहायक बना।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts