मुजफ्फरनगर। अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन मेरठ एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र सहारनपुर के निर्देशन तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जनपद मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण में, पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर सिद्धार्थ के. मिश्रा और प्रभारी निरीक्षक थाना सिविल लाइन आशुतोष कुमार के नेतृत्व में थाना सिविल लाइन पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा चलाए जा रहे अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत रात्रि में संधावली अंडरपास के पास संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुजफ्फरनगर बाईपास हाईवे की ओर से आ रही एक नेक्सॉन कार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन कार सवार नहीं रुके और वाहन को तेज गति से पीछे मोड़कर भागने का प्रयास किया। अचानक मोड़ने के कारण कार खेत में घुस गई,
जिसके बाद दो बदमाश वाहन छोड़कर पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करते हुए खेतों की ओर भागने लगे। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर बदमाशों को आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन उन्होंने दोबारा फायरिंग की। आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में रक्षित त्यागी उर्फ दक्ष पुत्र विक्रांत त्यागी उर्फ विक्की त्यागी और ऋतिक त्यागी उर्फ गोलू पुत्र स्वर्गीय दिनेश त्यागी घायल हो गए। दोनों को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से चार पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस 32 बोर, दो अवैध तमंचे, दो जिंदा कारतूस 315 बोर तथा घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की एक नेक्सॉन कार बरामद की है। घायल बदमाशों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है और मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
















