मुजफ्फरनगर में राजकीय संप्रेक्षण गृह किशोर मु. संस्था का निरीक्षण माननीय अपर जज (एफटीसी-।।) कमलापति प्रजापति, अपर जज दिव्या भार्गव, न्यायिक मजिस्ट्रेट अन्निका चौधरी तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव डॉ. सत्येंद्र चौधरी द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संस्था में निरुद्ध किशोरों की व्यक्तिगत पत्रावलियों और कार्यालय अभिलेखों का गहन अवलोकन किया। उन्होंने प्रत्येक किशोर से अलग-अलग संवाद स्थापित कर उनके रहन-सहन, भोजन व्यवस्था, स्वास्थ्य सुविधाओं और शिक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने यह भी जाना कि किशोरों की किस विषय में विशेष रुचि है और भविष्य को लेकर उनकी क्या योजनाएं हैं।
निरीक्षण के दौरान एक किशोर ने अपनी बनाई हुई चित्रकला पेंटिंग प्रस्तुत की, जिसे देखकर अधिकारियों ने उसकी प्रतिभा की सराहना की और उसे अपनी रुचि को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। अधिकारियों ने संस्था प्रशासन को निर्देश दिए कि किशोरों की शिक्षा, कौशल विकास और मानसिक परामर्श की व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जाए, ताकि वे मुख्यधारा में सम्मानजनक जीवन जी सकें।
निरीक्षण के समय संस्था प्रभारी मोहित कुमार, कंप्यूटर अध्यापक विक्रांत वर्मा, सहायक अध्यापक राकेश कुमार, परामर्शदाता बिलकिस जहां, कर्मचारी नीरज कुमार सहित समस्त सुरक्षा बल मौजूद रहा। अधिकारियों ने संस्था में साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और उपलब्ध संसाधनों का भी जायजा लिया।
निरीक्षण का उद्देश्य किशोरों के अधिकारों की रक्षा, उनकी मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति और पुनर्वास प्रक्रिया को सुदृढ़ करना बताया गया। अधिकारियों ने कहा कि ऐसे नियमित निरीक्षण से संस्थाओं की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता आती है और किशोरों के समुचित विकास का मार्ग प्रशस्त होता है।















