मुजफ्फरनगर। जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को परखने और आमजन को बेहतर एवं सुलभ चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहपुर और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बुढ़ाना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पतालों की व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन करते हुए ओपीडी कक्ष, इमरजेंसी सेवाएं, प्रसूति कक्ष, टीकाकरण कक्ष, औषधि वितरण केंद्र, प्रयोगशाला, वार्डों की स्थिति तथा परिसर की साफ-सफाई का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने दवाओं की उपलब्धता, आवश्यक चिकित्सीय उपकरणों की कार्यशीलता और अभिलेखों के संधारण की भी विस्तार से समीक्षा की।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहपुर में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. ओम प्रकाश जायसवाल को निर्देश दिए गए कि मरीजों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अस्पताल में स्वच्छता व्यवस्था को और मजबूत बनाने, टीकाकरण अभियान तथा मातृ-शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने और शासन की विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।
वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बुढ़ाना में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रणव तेवतिया को अस्पताल की व्यवस्थाओं में और सुधार लाने, दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को मरीजों के प्रति संवेदनशील और सौम्य व्यवहार अपनाने की भी हिदायत दी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने स्पष्ट कहा कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर उपचार मिलना चाहिए और किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने समस्त स्वास्थ्य कर्मचारियों को अपनी ड्यूटी के प्रति पूर्ण जिम्मेदारी निभाने, समय पर उपस्थित रहने और सेवाओं को जनहित में अधिक प्रभावी बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ऐसे औचक निरीक्षण आगे भी निरंतर जारी रहेंगे और यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई से स्वास्थ्य विभाग में जवाबदेही और पारदर्शिता बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।















