23 फरवरी को मुजफ्फरनगर में गोधन समागम की लाइव वेबकास्टिंग, डेयरी विकास योजनाओं पर होगा विशेष मंथन

मुजफ्फरनगर में डेयरी क्षेत्र के समग्र विकास को गति देने के उद्देश्य से 23 फरवरी 2026 को गोधन समागम का आयोजन किया जा रहा है। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा० जितेन्द्र गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि शासन के निर्देशों के क्रम में जनपद के समस्त उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी एवं पशुचिकित्साधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। इस कार्यक्रम की लाइव वेबकास्टिंग विकास भवन सभागार, मुजफ्फरनगर में प्रातः 10 बजे से की जाएगी। गोधन समागम के माध्यम से डेयरी क्षेत्र में संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा तथा आधुनिक तकनीकों की जानकारी पशुपालकों और डेयरी उद्यमियों तक पहुंचाई जाएगी। कार्यक्रम में उन्नतशील स्वदेशी गोवंशीय नस्लों की विशेषताओं, उनके संरक्षण एवं संवर्धन के उपायों के साथ-साथ वैज्ञानिक पशुपालन और डेयरी प्रबंधन पर भी विस्तार से चर्चा होगी।

मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने निर्देशित किया है कि नन्द बाबा दुग्ध मिशन के समस्त लाभार्थियों और आवेदकों को कार्यक्रम की जानकारी देकर उनकी सहभागिता सुनिश्चित कराई जाए। इसके अतिरिक्त जनपद की सभी गौशालाओं, ग्राम प्रधानों तथा प्रगतिशील पशुपालकों को भी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सूचित किया जाए, ताकि वे शासन की योजनाओं का लाभ उठाने के साथ-साथ नई तकनीकों और प्रबंधन पद्धतियों से अवगत हो सकें। उन्होंने यह भी कहा कि डेयरी क्षेत्र ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और इससे जुड़े लोगों को समय-समय पर जागरूक करना अत्यंत आवश्यक है।

विकास भवन सभागार में आयोजित इस लाइव वेबकास्टिंग में संबंधित विभागों के अधिकारियों की उपस्थिति भी अनिवार्य की गई है। अधिकारियों को समय से कार्यक्रम में प्रतिभाग करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि समागम के दौरान प्राप्त दिशा-निर्देशों और जानकारियों को प्रभावी ढंग से जमीनी स्तर पर लागू किया जा सके। गोधन समागम के माध्यम से पशुपालकों को आत्मनिर्भर बनाने, दुग्ध उत्पादन में वृद्धि करने तथा आधुनिक डेयरी प्रबंधन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। कार्यक्रम को लेकर विभागीय स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts