मुजफ्फरनगर। में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेला के अंतर्गत आयोजित विभिन्न स्वास्थ्य मेलों का औचक निरीक्षण किया। इन मेलों का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के आमजन को एक ही स्थान पर निःशुल्क, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है, ताकि लोगों को छोटी-बड़ी बीमारियों के उपचार के लिए दूर न जाना पड़े। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र छपार, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरला, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बसेड़ा, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरपुर तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शेरपुर में व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के समय उन्होंने ओपीडी पंजीकरण व्यवस्था, चिकित्सकीय परामर्श कक्ष, पैथोलॉजी जांच, टीकाकरण काउंटर, दवा वितरण केंद्र तथा आयुष्मान भारत योजना से संबंधित प्रबंधों की गहन समीक्षा की। उन्होंने यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि प्रत्येक मरीज की समुचित जांच कर उसे आवश्यक परामर्श और निःशुल्क दवा उपलब्ध कराई जाए। डॉ. तेवतिया ने विशेष रूप से उच्च रक्तचाप, मधुमेह, एनीमिया, टीबी तथा अन्य गैर-संचारी रोगों की समय पर स्क्रीनिंग करने पर जोर दिया, ताकि गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान हो सके और उपचार शुरू किया जा सके।
उन्होंने गर्भवती महिलाओं और बच्चों के नियमित टीकाकरण, प्रसव पूर्व जांच तथा मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश भी दिए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने स्वास्थ्य मेलों में पहुंचे लाभार्थियों से संवाद कर सेवाओं की गुणवत्ता के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया और साफ-सफाई व रिकॉर्ड संधारण को और अधिक बेहतर बनाने पर बल दिया। साथ ही आशा और एएनएम कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में अधिक से अधिक लोगों को स्वास्थ्य मेलों की जानकारी दें और उन्हें इन सेवाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेला जनस्वास्थ्य को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।















