स्टेडियम निर्माण कार्यों में अनियमितता पर सख्ती, डीएम ने दिए कार्रवाई के निर्देश

मुजफ्फरनगर में चौधरी चरण सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रहे निर्माण और जीर्णोद्धार कार्यों का जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई खामियां मिलने पर उन्होंने कार्यदायी संस्था और संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए सुधार और कार्रवाई के सख्त निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ लि. निर्माण प्रखंड सहारनपुर द्वारा भारोत्तोलन हॉल, वॉलीबॉल कोर्ट तथा बहुउद्देशीय क्रीड़ा हॉल के जीर्णोद्धार का कार्य कराया जा रहा है। मौके पर जांच के दौरान चिनाई कार्य में प्रयुक्त हो रही ईंटों और अन्य सामग्री की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं पाई गई। नवनिर्मित भारोत्तोलन हॉल की दीवारों में इस्तेमाल ईंटों पर सफेद परत (शौरा) दिखाई देने पर उसे तुरंत हटाने और गुणवत्तापूर्ण सामग्री का उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बहुउद्देशीय क्रीड़ा हॉल के निरीक्षण में बैडमिंटन हॉल की छत पर लगी प्रोफाइल शीट में कई स्थानों पर छिद्र से प्रकाश आता मिला, जिसे गंभीर लापरवाही मानते हुए तत्काल मरम्मत के निर्देश दिए गए। साथ ही चेंजिंग रूम की दीवारों और खिड़कियों के कोनों की धार सही करने तथा प्लास्टर में सामग्री का उचित अनुपात रखने के निर्देश दिए गए।

क्रिकेट पवेलियन में रंगाई-पुताई और शौचालयों की फिनिशिंग का कार्य भी मानकों के अनुरूप नहीं मिला। इस पर जिलाधिकारी ने गुणवत्ता सुधारते हुए कार्य मानक के अनुसार पूर्ण कराने को कहा। निरीक्षण में अनियमितता मिलने पर कार्यदायी संस्था के अवर अभियंता के खिलाफ प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज करने और उनका स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए गए। साथ ही संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध कठोर कार्रवाई तथा भुगतान में कटौती करने को कहा गया।

निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि जिला क्रीड़ा स्टेडियम परिसर में अन्य कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा था, जो शासनादेशों के विपरीत है। इस पर जिला क्रीड़ाधिकारी को चेतावनी जारी करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के समय अधिशासी अभियंता संदीप इन्दौरिया, जिला क्रीड़ाधिकारी, उप जिला क्रीड़ाधिकारी तथा कार्यदायी संस्था के अन्य अभियंता मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि खेल अवसंरचना में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी कार्य तय मानकों के अनुरूप ही पूरे कराए जाएंगे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts