मुजफ्फरनगर जनपद के ब्लॉक शाहपुर अंतर्गत ग्राम पुरबालियान में जनरल मेगा हेल्थ स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी (जनपद मुजफ्फरनगर) सुनील तेवतिया ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ फीता काटकर किया गया, जिसके बाद शिविर में आए ग्रामीणों को विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला, पुरुष, बच्चे और किशोर मौजूद रहे।
शिविर में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की इंचार्ज डॉ प्रियंका, ART मेडिकल ऑफिसर डॉ मुजीबुर्रहमान, दंत रोग विशेषज्ञ डॉ नीरज कुमार, स्किन विभाग से डॉ इस्तखार तथा ईएनटी विशेषज्ञ डॉ हर्ष ने लाभार्थियों का जनरल हेल्थ चेकअप किया। चिकित्सकों की टीम ने मरीजों की समस्याएं सुनकर उन्हें आवश्यक परामर्श और उपचार दिया।मेगा हेल्थ शिविर के दौरान एचआईवी परामर्श एवं परीक्षण, सिफलिस जांच, हेपेटाइटिस बी व सी जांच, मलेरिया और टायफाइड जांच, एसटीआई प्रबंधन, टीबी जांच, प्रसव पूर्व जांच, किशोर एवं किशोरियों के लिए विशेष परामर्श, बच्चों का टीकाकरण, फैमिली प्लानिंग परामर्श सहित कई महत्वपूर्ण सेवाएं प्रदान की गईं। शिविर में गर्भवती महिलाओं और युवाओं ने विशेष रुचि दिखाई।इस अवसर पर शाहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के इंचार्ज डॉक्टर ओपी जायसवाल अपनी पूरी टीम के साथ मौजूद रहे और शिविर में सेवाएं दीं। SSK परामर्शदाता नवीन सिंह, ICTC परामर्शदाता शैली शर्मा, फार्मासिस्ट शशांक, लैब टेक्नीशियन ऋषिपाल, SSORW के रूप में मोहित कुमार एवं दीपक कुमार, टीआई ORW अंकुर, निशा और शाहिस्ता ने भी सक्रिय भूमिका निभाई।
राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत परामर्शदाता शोभित कुमार और संध्या शर्मा ने किशोर-किशोरियों को स्वास्थ्य व पोषण संबंधी जानकारी दी। वहीं STI/RTI परामर्शदाता प्रदीप शर्मा, CHO याकूब, शाक्षशक्ति संस्था से इति और आशीष, एएनएम व आशा कार्यकर्ताओं की मौजूदगी से शिविर की व्यवस्थाएं सुदृढ़ रहीं।मुख्य चिकित्सा अधिकारी सुनील तेवतिया ने कहा कि इस तरह के मेगा हेल्थ शिविरों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है, ताकि समय रहते बीमारियों की पहचान और उपचार किया जा सके। ग्रामीणों ने शिविर की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों की मांग की।















