जिला उद्योग बंधु समिति की बैठक में उद्योगों की समस्याओं पर हुआ निस्तारण, काली नदी प्रदूषण प्रकरण समाप्त

मुजफ्फरनगर। जनपद में जिला उद्योग बंधु समिति की महत्वपूर्ण बैठक जिलाधिकारी उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में उद्योगों से जुड़े विभिन्न प्रकरणों और समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी द्वारा प्रस्तुत एजेंडे के सभी बिंदुओं पर संबंधित विभागों से जानकारी ली गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि उद्योगों को समयबद्ध समाधान मिल सके।बैठक के दौरान प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आरओ ने समिति को अवगत कराया कि काली नदी में गिरने वाले नालों के शोधन के लिए चार एसटीपी स्थापित कर दिए गए हैं, जबकि दस नालों को टैप किया जा चुका है। इस जानकारी के बाद काली नदी प्रदूषण से जुड़ा प्रकरण समिति द्वारा निस्तारित कर दिया गया। यह निर्णय पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

मैसर्स सिल्वरटोन इंडस्ट्रीज लिमिटेड, मुजफ्फरनगर की एनओसी से संबंधित प्रकरण पर डीएफओ द्वारा जानकारी दी गई कि यह प्रस्ताव 14 जनवरी 2026 को मुख्यालय भेजा जा चुका है, जो वर्तमान में भारत सरकार स्तर पर लंबित है। समिति ने इस तथ्य को संज्ञान में लेते हुए प्रकरण की प्रगति पर निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए।इसके अतिरिक्त विद्युत वितरण खंड-प्रथम द्वारा मैसर्स स्वास्तिक पेस्टीसाइड लिमिटेड, मखियाली से संबंधित समस्या पर बताया गया कि यह मामला मुख्यालय स्तर से जुड़ा है। इकाई द्वारा जैसे ही सरचार्ज जमा कर दिया जाएगा, समस्या का समाधान हो जाएगा। इस पर इकाई स्वामी ने सहमति व्यक्त की, जिसके बाद समिति ने इस प्रकरण को भी निस्तारित कर दिया।

वहीं मैसर्स इंडो गल्फ फार्मास्यूटिकल्स, मेरठ रोड की समस्या के संबंध में उपायुक्त जीएसटी ने जानकारी दी कि इकाई से जुड़ा आदेश 22 जनवरी 2026 को पारित हो चुका है। समिति ने इसे भी निस्तारित प्रकरण घोषित किया।बैठक में जिलाधिकारी ने सभी औद्योगिक संगठनों से आह्वान किया कि वे औद्योगिक आस्थानों के मुख्य मार्गों के सौंदर्यीकरण कार्य में एमडीए और नगर पालिका के साथ समन्वय स्थापित कर सक्रिय भूमिका निभाएं, ताकि औद्योगिक क्षेत्रों का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके।बैठक का संचालन सहायक आयुक्त उद्योग आशीष कुमार ने किया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ बैठक का समापन हुआ। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमलकिशोर देशभूषण, डीएफओ अभिनव कुमार, जिला स्तरीय अधिकारीगण एवं विभिन्न औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts