मुजफ्फरनगर। जिलाधिकारी कार्यालय स्थित एनआईसी (NIC) कक्ष में हाल ही में लखनऊ से प्रशिक्षण प्राप्त कर लौटे आपदा मित्र स्वयंसेवकों ने एक महत्वपूर्ण ऑनलाइन संवाद कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक सहभागिता की। यह संवाद कार्यक्रम गृह एवं सहकारिता मंत्री, भारत सरकार की अध्यक्षता में आयोजित किया गया, जिसमें देशभर के विभिन्न राज्यों से जुड़े सैकड़ों आपदा मित्र स्वयंसेवक वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्देश्य आपदा मित्रों के अनुभवों को साझा करना, उनकी भूमिका को सशक्त बनाना और भविष्य की आपदा प्रबंधन रणनीतियों को और प्रभावी बनाना रहा।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गजेंद्र कुमार के नेतृत्व में जनपद मुजफ्फरनगर के सभी प्रशिक्षित आपदा मित्रों ने सहभागिता की और गृह एवं सहकारिता मंत्री के प्रेरणादायी संबोधन को ध्यानपूर्वक सुना। अपने संबोधन में गृह मंत्री ने कहा कि आपदा मित्र स्वयंसेवक किसी भी आपात स्थिति में सबसे पहली और सबसे महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं। स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षित स्वयंसेवकों की त्वरित मौजूदगी से राहत और बचाव कार्यों को गति मिलती है और जान-माल की क्षति को कम किया जा सकता है।
संवाद कार्यक्रम के दौरान देश के विभिन्न राज्यों से जुड़े आपदा मित्रों ने भूकंप, बाढ़, अग्निकांड और सड़क दुर्घटनाओं जैसी आपदाओं के समय अपने अनुभव साझा किए। स्वयंसेवकों ने बताया कि प्रशिक्षण के बाद वे किस प्रकार घायलों को प्राथमिक उपचार देने, लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर राहत कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा पाए। इन अनुभवों ने अन्य स्वयंसेवकों को भी प्रेरित किया और आपदा मित्र योजना की उपयोगिता को रेखांकित किया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी गजेंद्र कुमार ने कहा कि आपदा मित्र विपरीत परिस्थितियों में समाज के लिए एक मजबूत कड़ी बनकर उभरते हैं। उन्होंने बताया कि सेवा, समर्पण और विश्वास की भावना के साथ आपदा मित्र स्वयंसेवक लगातार समाज सेवा में सक्रिय हैं। ऐसे प्रशिक्षित स्वयंसेवक प्रशासन और आम जनता के बीच सेतु का कार्य करते हैं, जिससे आपदा प्रबंधन की पूरी व्यवस्था और अधिक सशक्त होती है।
उन्होंने यह भी कहा कि आपदा मित्रों को समय-समय पर रिफ्रेशर ट्रेनिंग दी जाएगी, ताकि वे हर तरह की आपात स्थिति में और बेहतर ढंग से कार्य कर सकें। कार्यक्रम में आपदा सहायक नासिर हुसैन, प्रिंसी तथा इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर से गुलफाम अहमद सहित अन्य अधिकारी एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे। संवाद कार्यक्रम के माध्यम से सभी आपदा मित्रों को नई ऊर्जा, प्रेरणा और भविष्य में और अधिक प्रभावी कार्य करने की दिशा मिली।
















