अलवर जिले के प्रसिद्ध सरिस्का टाइगर रिजर्व में रविवार को सफारी पर निकले पर्यटकों को रोमांच से भर देने वाला दृश्य देखने को मिला। सरिस्का जोन-1 के शुक्राना क्षेत्र में सफारी के दौरान बाघिन एसटी-9 की बेहद शानदार साइटिंग हुई। बाघिन एक पेड़ की छांव में शांत भाव से बैठी नजर आई, जिसे देखकर पर्यटक कुछ देर के लिए रोमांच और उत्सुकता से भर गए। कुछ समय तक वहीं ठहरने के बाद बाघिन उठी और जंगल की गहराइयों की ओर बढ़ गई।
इस यादगार पल को देखने के लिए दिल्ली, गुरुग्राम सहित देश के विभिन्न हिस्सों से आए पर्यटक खासे उत्साहित नजर आए। मौके पर मौजूद पर्यटकों ने अपने मोबाइल फोन से बाघिन के वीडियो और तस्वीरें रिकॉर्ड कीं। बताया जा रहा है कि एक साथ सैकड़ों पर्यटकों को बाघिन एसटी-9 के दर्शन हुए, जिससे सफारी का यह अनुभव सभी के लिए बेहद खास बन गया।वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, न्यू ईयर तक सरिस्का में फुल सफारी संचालित की जा रही है। पर्यटकों की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए अतिरिक्त वाहनों की भी व्यवस्था की गई है, ताकि सभी को सुरक्षित और सुगम सफारी अनुभव मिल सके। इस सीजन में बाघिन एसटी-9 के साथ-साथ टाइगर एसटी-2304 की लगातार साइटिंग ने सरिस्का को पर्यटकों के लिए और भी आकर्षक बना दिया है।
लगातार हो रही सफल साइटिंग से न सिर्फ पर्यटकों का उत्साह बढ़ा है, बल्कि सरिस्का टाइगर रिजर्व की वन्यजीव संरक्षण सफलता भी एक बार फिर चर्चा में आ गई है। आने वाले दिनों में पर्यटकों की संख्या और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है, जिससे सरिस्का में पर्यटन गतिविधियां चरम पर पहुंचती दिख रही हैं।















