मंसूरपुर थाना क्षेत्र में मिशन शक्ति केंद्र व साइबर सेल का निरीक्षण,

मुजफ्फरनगर। महिला सुरक्षा, पारदर्शिता और साइबर अपराधों के प्रभावी निस्तारण को लेकर पुलिस अधीक्षक अपराध, मुजफ्फरनगर इन्दु सिद्धार्थ ने शुक्रवार को थाना मंसूरपुर स्थित मिशन शक्ति केंद्र और साइबर सेल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं, शिकायतों के निस्तारण की वास्तविक स्थिति और महिला सुरक्षा से जुड़े प्रावधानों का बारीकी से जायज़ा लिया।

एसपी अपराध ने सबसे पहले मिशन शक्ति केंद्र में पहुंचकर वहां मौजूद अधिकारी-कर्मचारियों से जानकारी ली। उन्होंने महिला एवं बाल सुरक्षा से संबंधित सुविधाओं, पीड़ितों की सहायता के लिए उपलब्ध संसाधनों और शिकायत दर्ज करने की प्रणाली को प्रत्यक्ष रूप से देखा। शिकायत रजिस्टर में दर्ज प्रविष्टियों की जांच करते हुए उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी महिला पीड़िता को न्याय के लिए प्रतीक्षा न करनी पड़े। सभी शिकायतों का त्वरित, संवेदनशील और प्रोफेशनल तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

इसके बाद उन्होंने साइबर सेल का विस्तार से निरीक्षण किया। साइबर अपराधों से संबंधित प्राप्त शिकायतों की स्थिति, उनकी जांच प्रगति तथा संबंधित रजिस्टरों के रख-रखाव पर विशेष ध्यान दिया। एसपी अपराध ने कहा कि साइबर अपराध आज की बड़ी चुनौती है, इसलिए ऐसे मामलों में तकनीकी दक्षता, त्वरित कार्रवाई और पारदर्शिता बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कर्मचारियों को निर्देशित किया कि साइबर सेल में आने वाली प्रत्येक शिकायत को प्राथमिकता पर लेकर तत्काल जांच शुरू की जाए, ताकि पीड़ितों को समय पर राहत मिल सके।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि महिला एवं बाल सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने शिकायत रजिस्टर के नियमित अद्यतन, रिकॉर्ड की सटीकता और पीड़ितों के साथ सम्मानपूर्ण व्यवहार पर जोर दिया।

इस पूरे निरीक्षण के दौरान थाना मंसूरपुर के प्रभारी निरीक्षक आनंद देव मिश्र सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। एसपी अपराध की इस सक्रियता से स्थानीय स्तर पर महिला सुरक्षा और साइबर अपराध नियंत्रण को गति मिलने की उम्मीद है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts