लोकसभा के शीतकालीन सत्र में 9 दिसंबर को चुनाव सुधारों और स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) प्रक्रिया से जुड़े वोट चोरी के आरोपों पर व्यापक चर्चा होने जा रही है। इस मुद्दे पर मंगलवार को कुल 10 घंटे की लंबी बहस निर्धारित की गई है, जिसमें सत्ता पक्ष और विपक्ष को बराबर समय दिया जाएगा। कांग्रेस की ओर से बहस के लिए 10 वक्ताओं की टेंटेटिव सूची सामने आई है, जिनमें नेता विपक्ष राहुल गांधी भी शामिल हैं। माना जा रहा है कि कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल SIR प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं, मतदाता सूचियों में नाम हटाने के आरोपों और चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल उठाएंगे। विपक्ष इसे राष्ट्रीय संकट बताते हुए चुनाव प्रणाली में व्यापक सुधार की मांग कर रहा है। दूसरी ओर, केंद्र सरकार इस बहस के बाद 10 दिसंबर को अपना पक्ष रखते हुए सभी सवालों का जवाब देगी, जिसके लिए केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल को जिम्मेदारी दी गई है। संसद में इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर होने वाली बहस न केवल SIR प्रक्रिया की पारदर्शिता पर प्रकाश डालेगी, बल्कि भविष्य के चुनाव सुधारों की दिशा भी तय कर सकती है। देशभर में मतदाता सूचियों की सटीकता, डिजिटल तकनीक के इस्तेमाल, बूथ प्रबंधन और चुनावी प्रक्रियाओं की विश्वसनीयता को लेकर उठ रहे सवालों के बीच इस चर्चा को बेहद अहम माना जा रहा है। संसद में होने वाली यह बहस आने वाले लोकसभा और विधानसभा चुनावों की तैयारियों पर भी सीधा असर डाल सकती है, इसलिए सभी राजनीतिक दलों और जनता की निगाहें आज की कार्यवाही पर टिकी हुई हैं।
कांग्रेस के संभावित वक्ताओं की लिस्ट
- केसी वेणुगोपाल
- मनीष तिवारी
- वर्षा गायकवाड
- मोहम्मद जावेद
- उज्जवल रमण सिंह
- ईसा खान
- रवि मल्लू
- इमरान मसूद
- गोवाल पदवी
- ज्योतिमणि
चुनाव सुधारों पर चर्चा के लिए संसद में हंगामा
चुनाव सुधारों और एसआईआर से जुड़े वोट चोरी के मुद्दे पर सदन में पिछले दिनों जबरदस्त हंगामा हुआ था. संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि सरकार चुनाव सुधारों पर व्यापक बहस के लिए तैयार है. इसके बाद बीएसी की बैठक हुई, जिसमें इस पर चर्चा के लिए 9 दिसंबर की तारीख तय की गई और इसके लिए समय भी निर्धारित कर दिया गया.
शीतकालीन सत्र से पहले हुई सर्वदलीय बैठक में SIR का मुद्दा हावी रहा था. विपक्षी दलों ने SIR और BLOs की आत्महत्या के मामले को लेकर चिंता जताई थी और इस पर संसद में चर्चा की मांग की थी. सभी विपक्षी दलों ने एक सुर में कहा था कि BLO आत्महत्या कर रहे हैं, लोगों के मन में वोटर लिस्ट से नाम कटने का डर है. कांग्रेस सासंद प्रमोद तिवारी ने कहा था कि वोट चोरी नहीं, वोटों की डकैती हो रही है.















