मुज़फ्फरनगर। तितावी शुगर मिल में गन्ना तौल के दौरान गंभीर अनियमितताओं के आरोप लगाते हुए किसानों ने सोशल मीडिया पर कई वीडियो वायरल किए हैं, जिनमें मिल प्रबंधन पर घटतौली कर किसानों का शोषण करने का दावा किया गया है। वायरल वीडियो में किसान मिल के कांटों पर हो रही तौल प्रक्रिया पर सवाल उठाते दिखाई दे रहे हैं। किसानों का कहना है कि वे पूरी मेहनत, लागत और समय लगाकर गन्ना तैयार करते हैं, लेकिन मिल में तौल के दौरान जानबूझकर वजन कम दिखाया जा रहा है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है।किसानों ने आरोप लगाया कि मिल में पहुंचते ही गन्ना ट्रॉली को इलेक्ट्रॉनिक कांटे पर तौलते समय वजन अचानक कम दिखाया जाता है, जबकि बाहर अन्य कांटों पर वजन सही आता है। यही अंतर किसानों की शंका को और मजबूत करता है। वायरल वीडियो में कुछ किसान यह भी कहते दिख रहे हैं कि कई बार मिल के अधिकारी शिकायत करने पर उन्हें धमकाते हैं या बात को टाल देते हैं।
वीडियो वायरल होने के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया है। किसान संगठनों का कहना है कि यदि मिल प्रबंधन तुरंत पारदर्शी तौल व्यवस्था नहीं करता, तो वे धरना-प्रदर्शन के लिए मजबूर होंगे। किसानों ने जिला प्रशासन से मिल की तौल मशीनों की तकनीकी जांच करने और पूरे मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।
हालांकि मिल प्रबंधन की ओर से अभी तक इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। किसानों का कहना है कि तौल प्रणाली में सुधार और पारदर्शिता सुनिश्चित की जाये।















