मुजफ्फरनगर में सारंगी की सुर लहरियों ने बांधा समां, उस्ताद फारूक लतीफ़ की प्रस्तुति पर श्रोता हुए मंत्रमुग्ध

मुजफ्फरनगर। भारतीय शास्त्रीय संगीत की मधुर लहरियों ने शनिवार को मुजफ्फरनगर के शैक्षणिक संस्थानों में ऐसा वातावरण बनाया कि हर कोई मंत्रमुग्ध हो गया। स्पिक मैके (SPIC MACAY) मुजफ्फरनगर इकाई द्वारा आयोजित सारंगी वादन के कार्यक्रम में देश के विख्यात सारंगी वादक उस्ताद फारूक लतीफ़ ने अपनी प्रस्तुति से श्रोताओं के हृदय को छू लिया।कार्यक्रम की पहली प्रस्तुति एस. डी. कॉलेज ऑफ कॉमर्स एंड मैनेजमेंट स्टडीज में आयोजित की गई, जहां उस्ताद फारूक लतीफ़ ने प्रातःकालीन राग ‘नट’ में विलंबित एकताल में बड़ा खयाल और मध्यलय तीनताल में छोटा खयाल प्रस्तुत किया। इसके बाद राग देश में ‘वंदे मातरम्’ की धुन छेड़ते ही सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। कार्यक्रम के दौरान श्रोताओं ने भारतीय शास्त्रीय संगीत की गहराई और सौंदर्य का अनोखा अनुभव किया।इस अवसर पर कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संदीप मित्तल ने दीप प्रज्ज्वलन कर कलाकारों का स्वागत एवं सम्मान किया।

उन्होंने कहा कि स्पिक मैके जैसी संस्थाएं भारतीय संस्कृति को युवा पीढ़ी तक पहुंचाने में सेतु का कार्य कर रही हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश संस्कृति विभाग और भारतखंडे संगीत विश्वविद्यालय, लखनऊ का भी सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।दूसरा कार्यक्रम जैन कन्या इंटर कॉलेज पटेलनगर में आयोजित हुआ, जो विद्यालय के लिए एक अविस्मरणीय अनुभव साबित हुआ। इस कार्यक्रम में उस्ताद फारूक लतीफ़ ने दोपहर के राग ‘सारंग’ की मोहक प्रस्तुति दी, जिसने वातावरण को सुरमयी बना दिया। राग देश के बाद जब उन्होंने श्रोताओं के विशेष आग्रह पर सारंगी पर ‘कजरी’ प्रस्तुत की, तो पूरा प्रांगण तालियों की गूंज से भर उठा। तबले पर दिल्ली से पधारे अनुराग झा ने अपनी उत्कृष्ट संगत से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
कार्यक्रम के शुभारंभ में विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. शकुंतला ने दीप प्रज्ज्वलन कर कलाकारों व अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों को भारतीय शास्त्रीय संगीत की विरासत से जोड़ते हैं और उनमें सांस्कृतिक चेतना का संचार करते हैं।इन प्रस्तुतियों में अनेक शिक्षाविद् एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे, जिनमें डॉ. मृदुला मित्तल, नीति, भावना, डीएवी कॉलेज की प्राचार्या डॉ. गरिमा जैन, जीआईसी के प्रधानाचार्य डॉ. रणवीर सिंह, होली चाइल्ड पब्लिक स्कूल इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रवेंद्र दहिया, डॉ. सुनीता शर्मा और शुभ्रा मित्तल विशेष रूप से सम्मिलित हुए।
स्पिक मैके मुजफ्फरनगर इकाई के कार्यकर्ताओं राहुल सेन, शुभम कुमार और विशु ने कार्यक्रम की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।स्पिक मैके, जो एक देशव्यापी सांस्कृतिक आंदोलन है, वर्तमान में उत्तर प्रदेश संस्कृति विभाग और भारतखंडे संगीत विश्वविद्यालय लखनऊ के सहयोग से प्रदेशभर में संगीत, नृत्य, लोक कला और योग पर आधारित कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित कर रहा है। मुजफ्फरनगर में आयोजित सारंगी वादन की ये प्रस्तुतियां इस श्रृंखला की एक कड़ी हैं, जिन्होंने विद्यार्थियों और संगीत प्रेमियों के मन में भारतीय संगीत के प्रति नई ऊर्जा और सम्मान की भावना जगाई।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts