राजगढ़ (अलवर)। कस्बे के मेला चौराहे पर स्थित सैनी धर्मशाला में सैनी समाज द्वारा भव्य सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें 13 जोड़े हिंदू रीति-रिवाजों के साथ विवाह बंधन में बंधे। कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश जी के पूजन से किया गया। इसके बाद गणेश पोल स्थित गणेश जी महाराज के मंदिर से सभी नवदंपत्तियों की शोभायात्रा निकाली गई। यह यात्रा मुख्य बाजारों से होती हुई मेला चौराहे पर स्थित सैनी धर्मशाला पहुंची, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सभी जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया।
सम्मेलन में विशिष्ट अतिथि के रूप में ओमप्रकाश अनीता प्रधान एवं प्रवक्ता विष्णु कुमार सैनी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि सामूहिक विवाह सम्मेलन समाज में समानता, सादगी और एकता का प्रतीक है। ऐसे आयोजन न केवल सामाजिक सहयोग की भावना को बढ़ाते हैं बल्कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए भी सहारा सिद्ध होते हैं। विवाह संपन्न होने के बाद सभी नवविवाहित जोड़ों को समाज की ओर से उपहार भेंट किए गए और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की गई।इस अवसर पर सैनी समाज के साथ-साथ अन्य समाजों के भी सैकड़ों महिला-पुरुषों ने उपस्थित होकर नवदम्पत्तियों को आशीर्वाद दिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्सव जैसा माहौल रहा और विवाह स्थल भक्ति गीतों, मंगल ध्वनियों और सामाजिक सौहार्द के रंगों से सराबोर दिखाई दिया।
















