मुजफ्फरनगर। आगामी कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान पर्व के दृष्टिगत श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और समुचित व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सहारनपुर मंडल के मंडलाधिकारी अटल कुमार राय, पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र अभिषेक सिंह, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने संयुक्त रूप से थाना भोपा क्षेत्रांतर्गत गंगा स्नान घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने शुक्रताल स्थित प्रमुख स्नान घाटों पर पहुंचकर सुरक्षा, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, यातायात नियंत्रण, रूट डायवर्जन, पार्किंग स्थल, अस्थाई पुलिस सहायता केंद्र, स्वास्थ्य शिविरों और पेयजल आपूर्ति जैसी व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि गंगा स्नान के अवसर पर जनपद में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। इसके लिए सभी विभाग अपने-अपने स्तर पर समुचित तैयारी समय से पूर्ण करें। घाटों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, पीएसी, होमगार्ड तथा गोताखोर दल की तैनाती सुनिश्चित की जाए ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता प्रदान की जा सके। अधिकारियों ने नाव के माध्यम से गंगा नदी के जलस्तर और प्रवाह का निरीक्षण किया तथा निर्देश दिया कि गहरे या खतरनाक स्थानों की पहचान कर वहां चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं।
नगर पंचायत, स्वच्छता और विद्युत विभाग को निर्देश दिए गए कि घाटों की सफाई, पेयजल व्यवस्था और प्रकाश की सुविधाएं पूरी तरह सुचारु रहें। साथ ही क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी भोपा को आदेश दिया गया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखी जाए। पुलिस बल पूरी तत्परता और संवेदनशीलता के साथ अपनी ड्यूटी निभाए और यातायात व्यवस्था इस तरह संचालित की जाए कि किसी भी श्रद्धालु को परेशानी न हो।
अधिकारियों ने यह भी कहा कि गंगा स्नान पर्व के दौरान भीड़ की गतिविधियों पर ड्रोन कैमरा और सीसीटीवी के माध्यम से सतत निगरानी रखी जाए। कंट्रोल रूम से सभी अधिकारियों के बीच निरंतर समन्वय बना रहे ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति, अफवाह या अव्यवस्था की संभावना को तुरंत नियंत्रित किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान यह निर्देश भी दिए गए कि सभी विभागों के अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र की जिम्मेदारी को गंभीरता से निभाएं और गंगा स्नान पर्व को शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने में पूर्ण सहयोग करें। पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुविधा और कानून-व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रत्येक स्तर पर सतर्कता और अनुशासन बनाए रखा जाए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (वित्त), मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण सचिव, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, क्षेत्राधिकारी भोपा, पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी-कर्मचारी तथा समाजसेवी भी उपस्थित रहे। सभी ने एकमत होकर यह सुनिश्चित करने का संकल्प लिया कि कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान पर्व इस वर्ष सुचारु, सुरक्षित और श्रद्धालुओं के लिए सुखद अनुभव बन सके।

















