मुजफ्फरनगर। राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने अपनी विधानसभा क्षेत्र मुजफ्फरनगर के कलेक्ट्रेट स्थित चौधरी चरण सिंह सभागार (जिला पंचायत सभा) में नगर के विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों के प्रधानाचार्यों, प्रबंधकों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती समारोह की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में मंत्री ने आगामी 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की और सभी संस्थानों से अधिकाधिक सहभागिता का आह्वान किया।
कपिल देव अग्रवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में भव्य रूप से मनाया जाएगा। यह आयोजन भारत की एकता, अखंडता और राष्ट्रनिष्ठा का प्रतीक होगा। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने जिस दृढ़ इच्छाशक्ति, संगठन कौशल और राष्ट्रभक्ति से देश को एक सूत्र में बांधा, वह हर भारतीय के लिए प्रेरणास्रोत है। आज यह जरूरी है कि नई पीढ़ी उनके विचारों को समझे और ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के उनके संदेश को आत्मसात करे।
उन्होंने बताया कि 31 अक्टूबर 2025 को विधानसभा क्षेत्र में “रन फॉर यूनिटी” (एकता दौड़) का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम प्रातः 7 बजे टाउन हॉल मैदान से आरंभ होगा। इस दौड़ में विद्यालयों, महाविद्यालयों, सामाजिक संगठनों, भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। मंत्री ने कहा कि यह एकता दौड़ केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि सरदार पटेल की अद्वितीय राष्ट्रसेवा और अखंड भारत के उनके संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बनेगी।
कपिल देव अग्रवाल ने बैठक में उपस्थित शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे विद्यार्थियों को सरदार पटेल के जीवन, संघर्ष और राष्ट्रनिर्माण में उनके योगदान से परिचित कराएं। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी ही देश का भविष्य है, और यदि वह एकता व अखंडता के मूल्यों को अपनाएगी तो देश की नींव और मजबूत होगी। मंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि सभी स्कूल और कॉलेज इस अवसर पर वाद-विवाद प्रतियोगिता, निबंध लेखन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और एकता पर आधारित प्रदर्शनी आयोजित करें ताकि विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम और संगठन की भावना को बढ़ावा मिल सके।
बैठक में भाजपा जिला उपाध्यक्ष संजय गर्ग, बिजेंद्र पाल, कार्यक्रम लोकसभा सह-संयोजक आशुतोष शर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक, प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षा विभाग के प्रतिनिधि और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक के अंत में मंत्री ने कहा कि सरदार पटेल के सिद्धांत आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं जितने स्वतंत्रता के समय थे। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही हम एक सशक्त और एकजुट भारत का निर्माण कर सकते हैं। उन्होंने सभी से अपील की कि वे इस अवसर को जन आंदोलन के रूप में मनाएं और एकता के इस संदेश को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाएं।
















