कार्तिक गंगा स्नान की तैयारियों का जिलाधिकारी व एसएसपी ने किया स्थलीय निरीक्षण, श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुविधाओं के लिए दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

मुजफ्फरनगर। आगामी कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान पर्व को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह से मुस्तैद हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा ने थाना भोपा क्षेत्र के अंतर्गत स्थित गंगा स्नान घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने पुलिस व प्रशासनिक अमले के साथ मिलकर स्नान पर्व की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने घाटों की सफाई व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, यातायात संचालन, रूट डायवर्जन, पार्किंग स्थल, अस्थाई पुलिस सहायता केंद्र, स्वास्थ्य शिविर, पेयजल आपूर्ति, नावों की सुरक्षा एवं भीड़ नियंत्रण की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि गंगा स्नान के अवसर पर जनपद में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग अपनी जिम्मेदारी समय से पूर्ण करें। नगर पंचायत, स्वच्छता और विद्युत विभाग को निर्देशित किया गया कि घाटों की साफ-सफाई, पेयजल आपूर्ति और प्रकाश की व्यवस्था पूर्व में ही पूर्ण कर ली जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि घाटों पर पर्याप्त संख्या में डस्टबिन लगाए जाएं और कूड़ा निस्तारण की समुचित व्यवस्था की जाए ताकि पर्यावरण स्वच्छ बना रहे।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी भोपा को निर्देश दिए कि पुलिस बल पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ ड्यूटी पर तैनात रहे। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए रूट डायवर्जन और पार्किंग की व्यवस्था स्पष्ट रूप से चिन्हित की जाए। गंगा नदी के खतरनाक और गहरे स्थानों को जल पुलिस द्वारा चिन्हित कर वहां चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं। साथ ही गोताखोरों, होमगार्ड और पीएसी बल की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित की जाए।

अधिकारियों ने यह भी कहा कि भीड़ नियंत्रण के लिए ड्रोन कैमरा और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जाए, जिससे किसी भी आकस्मिक स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके। कंट्रोल रूम से सभी अधिकारी लगातार संपर्क और समन्वय बनाए रखें ताकि किसी प्रकार की अफवाह या अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो। जिलाधिकारी और एसएसपी ने स्थानीय प्रशासन को यह भी निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मार्ग, पार्किंग और स्नान स्थलों की दिशा बताने वाले सूचना संकेतक स्पष्ट रूप से लगाए जाएं, जिससे श्रद्धालुओं को उचित मार्गदर्शन प्राप्त हो सके और भीड़भाड़ से बचा जा सके।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित सभी अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा कि गंगा स्नान पर्व के दौरान सुरक्षा, श्रद्धालुओं की सुविधा और कानून-व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखा जाए। प्रत्येक अधिकारी अपने स्तर पर पूरी सतर्कता, अनुशासन और समन्वय बनाए रखे ताकि यह पवित्र पर्व शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (वित्त), मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण सचिव, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, क्षेत्राधिकारी भोपा सहित पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी तथा समाजसेवी उपस्थित रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts