मुजफ्फरनगर। विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में जिला स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी शुक्र तीर्थ मेले की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए साफ-सफाई, विद्युत, पेयजल, शौचालय, महिलाओं के लिए अस्थाई चेंजिंग रूम और अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था पूर्व से बेहतर होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मेले के मुख्य मार्गों को गड्ढा मुक्त किया जाए और मार्गों पर प्रकाश व्यवस्था सुचारू रखी जाए। जल निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी टंकियों में साफ पेयजल उपलब्ध रहे और टोटियां दुरुस्त रखी जाएं ताकि पानी की बर्बादी न हो। जिलाधिकारी ने मेले में एक समान गेट लगाने और खंड विकास अधिकारियों की ड्यूटी निर्धारित करने के भी निर्देश दिए।
स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के अंतर्गत बनाए गए 1620 शौचालयों का निरीक्षण कर फोटो सहित रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया। ग्राम पंचायतों में ठोस व तरल अपशिष्ट प्रबंधन कार्यों की गुणवत्ता पर भी विशेष जोर दिया गया ताकि काली नदी में बिना उपचार के अपशिष्ट जल का प्रवाह न हो। उन्होंने निर्देश दिए कि नए कार्यों का विवरण संपत्ति रजिस्टर में दर्ज किया जाए और डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण एवं निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। गढ़मालपुर, सठेड़ी, लुहसाना, सादपुर, महाबलीपुरम और बहादुरपुर गाड़ी बसी कला सहित अन्य ग्राम पंचायतों में सामुदायिक शौचालयों के निर्माण में तेजी लाने को कहा गया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण, जिला विकास अधिकारी दिग्विजय नाथ तिवारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
















