कोलकाता। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी पासपोर्ट रैकेट का भंडाफोड़ किया है। ईडी ने इस मामले में मुख्य आरोपी इंदुभूषण हलदार उर्फ डुलाल को गिरफ्तार किया है, जिस पर पासपोर्ट बनाने के लिए फर्जी दस्तावेज तैयार कराने और आवेदन करवाने का गंभीर आरोप है। जांच एजेंसी के अनुसार, इंदुभूषण हलदार लंबे समय से इस गोरखधंधे को चला रहा था और इसके जरिए मोटी रकम वसूलता था।
ईडी की शुरुआती जांच में यह खुलासा हुआ है कि इंदुभूषण हलदार द्वारा बनाए गए कई पासपोर्ट पाकिस्तानी नेटवर्क से जुड़े लोगों के हाथों में भी पहुंचे थे। इससे राष्ट्रीय सुरक्षा को गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है। जांच में अब तक करीब 250 फर्जी पासपोर्ट के मामले सामने आए हैं। बताया जा रहा है कि हलदार ने स्थानीय प्रशासन और कुछ एजेंटों की मदद से नकली दस्तावेज तैयार कर कई लोगों के नाम पर पासपोर्ट जारी करवाए। इन पासपोर्टों का इस्तेमाल संदिग्ध विदेशी नागरिकों और अवैध गतिविधियों के लिए किया जा रहा था।
ईडी अधिकारियों ने इंदुभूषण हलदार के ठिकानों पर छापेमारी के दौरान कई संदिग्ध दस्तावेज, पासपोर्ट की प्रतियां, डिजिटल डिवाइस और विदेशी मुद्रा बरामद की है। एजेंसी अब इस पूरे नेटवर्क के अंतरराष्ट्रीय संबंधों की जांच कर रही है। सूत्रों के अनुसार, यह गिरोह न सिर्फ भारत में बल्कि पड़ोसी देशों के नागरिकों को भी फर्जी पहचान पत्र और पासपोर्ट उपलब्ध कराता था।
ईडी का यह एक्शन सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी सफलता माना जा रहा है। अब जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क के पीछे कौन-कौन से बड़े लोग शामिल हैं और फर्जी पासपोर्टों के जरिए किन देशों में लोगों की एंट्री कराई जा रही थी।















