मुजफ्फरनगर में विकास भवन सभागार में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिल्ली के पूसा स्थित ऑडिटोरियम से प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना एवं दलहन आत्मनिर्भरता योजना का शुभारंभ कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा गया। इस योजना के तहत 42,000 करोड़ रुपये से अधिक का बजट किसानों की समृद्धि और आत्मनिर्भरता को समर्पित किया गया है। लाइव प्रसारण कार्यक्रम में कृषि विभाग, पशुपालन विभाग सहित अन्य कृषि से जुड़े विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए।
इस अवसर पर व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग के राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल ने मैत्री कार्यकर्ताओं को स्वरोजगार किट के रूप में पशुपालन विभाग द्वारा उपलब्ध कराई गई एआई किट और प्रमाण पत्र वितरित किए। साथ ही कृषि विभाग द्वारा कृषकों को सरसों के मिनी किट निशुल्क प्रदान किए गए। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष वीरपाल निर्वाल, किसान मोर्चा के राजू अहलावत, जिलाधिकारी उमेश कुमार मिश्रा, मुख्य विकास अधिकारी कमल किशोर कंडारकर, भाजपा जिला अध्यक्ष सुधीर सैनी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. जितेंद्र गुप्ता, उपनिदेशक कृषि प्रमोद कुमार सिरोही, जिला कृषि अधिकारी राहुल तेवतिया, सहायक निदेशक मत्स्य श्रीमती टमटा, जिला पंचायत सदस्य अमित रावल सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और कृषक उपस्थित रहे। यह आयोजन कृषि और पशुपालन क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
















