मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों के क्रम में थाना सिविल लाइन पर समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ ने की। इस दौरान उन्होंने जनता की विभिन्न जनसमस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और मौके पर मौजूद अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देश दिया कि सभी शिकायतों का त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि समाधान दिवस का उद्देश्य जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करना है, ताकि लोगों को न्याय के लिए भटकना न पड़े।
अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया गया कि प्रत्येक शिकायत का मौके पर जाकर सत्यापन किया जाए और निर्धारित समयावधि में शत-प्रतिशत निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से महिला अपराध से संबंधित शिकायतों की जांच को प्राथमिकता के आधार पर करने के निर्देश दिए, ताकि महिलाओं की सुरक्षा और न्याय सुनिश्चित किया जा सके।
इन्दु सिद्धार्थ ने उपस्थित नागरिकों को साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों के प्रति भी जागरूक किया। उन्होंने साइबर ठगी से बचने के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी और लोगों को सलाह दी कि किसी भी संदिग्ध लिंक या कॉल पर अपनी निजी जानकारी साझा न करें। उन्होंने कहा कि जागरूक रहना ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका है।
समाधान दिवस के दौरान थाना प्रभारी सिविल लाइन आशुतोष कुमार सिंह सहित पुलिस विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं, जिन पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इस पहल से जनता में पुलिस प्रशासन के प्रति विश्वास और सहयोग की भावना मजबूत होती दिखाई दी।















