अंजुमन तरक्की-ए-तालीम सादात बाहरा की आम इजलास पर रोक, अध्यक्ष ने सदस्यों से की अपील

मुजफ्फरनग। अंजुमन तरक्की-ए-तालीम सादात बाहरा की प्रस्तावित चार अक्टूबर को होने वाली आम इजलास पर न्यायालय के आदेश के चलते रोक लगा दी गई है। संस्था के अध्यक्ष अमजद अली एडवोकेट ने प्रेस बयान जारी करते हुए स्पष्ट किया कि इस समय संस्था की किसी भी आम सभा, मीटिंग या आयोजन की अनुमति नहीं है। उन्होंने बताया कि न्यायालय सिविल जज जानसठ द्वारा जारी आदेश की प्रति के साथ फूल मियां जैदी एडवोकेट ने उन्हें पत्र सौंपा है, जिसमें स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि संस्था के सचिव के विरुद्ध किसी भी तरह की आम सभा या आयोजन न किया जाए। इस आदेश के बाद चार अक्टूबर को होने वाली इजलास ए आम का आयोजन स्वतः निरस्त माना गया है।

अध्यक्ष अमजद अली एडवोकेट ने बताया कि संस्था की सालाना इजलास-ए-आम के लिए एजेंडा बांटा गया है, जिसमें उनकी अध्यक्षता का नाम भी शामिल किया गया है, जबकि उन्होंने इस सभा के लिए कोई अनुमति नहीं दी है। उन्होंने कहा कि उनका नाम इस आयोजन में सदारत के लिए बिना उनकी सहमति के इस्तेमाल किया जा रहा है, जो कि गलत और भ्रामक है। इस मामले में उन्होंने अधिकारियों से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि संस्था से जुड़े कुछ लोग उनके नाम का दुरुपयोग कर रहे हैं और संस्था के सदस्यों को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं।

अमजद अली एडवोकेट ने यह भी कहा कि वर्तमान समय में धारा 144 लागू है और ऐसी स्थिति में किसी भी बड़े आयोजन या सभा की अनुमति देना कानूनन संभव नहीं है। उन्होंने संस्था के सभी सदस्यों और संबंधित लोगों से अपील की है कि वे चार अक्टूबर को प्रस्तावित आम इजलास में शिरकत न करें। उनका कहना है कि यदि कोई सदस्य इस सभा में शामिल होता है तो वह न केवल न्यायालय के आदेश का उल्लंघन करेगा बल्कि धारा 144 के प्रावधानों के अंतर्गत भी दोषी माना जाएगा।

अध्यक्ष ने यह भी कहा कि संस्था के कार्यों को सही दिशा देने के लिए वह हमेशा तैयार हैं, लेकिन नियमों और कानूनी प्रक्रिया का पालन अनिवार्य है। उन्होंने सदस्यों को आश्वासन दिया कि न्यायालय और प्रशासन के आदेशों का पालन करते हुए संस्था के हित में आगे की रणनीति बनाई जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक विधिक रूप से अनुमति नहीं मिलती, तब तक किसी भी तरह की सभा आयोजित नहीं की जाएगी।

संस्था के अध्यक्ष ने कहा कि अंजुमन तरक्की-ए-तालीम सादात बाहरा शिक्षा और समाज सुधार के उद्देश्य से बनी संस्था है और इसकी छवि को किसी भी तरह से खराब नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कुछ लोग व्यक्तिगत स्वार्थ में संस्था की प्रतिष्ठा को आंच पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन वह ऐसे प्रयासों को सफल नहीं होने देंगे।

उन्होंने दोहराया कि सभी सदस्य प्रशासनिक आदेशों और न्यायालय के निर्देशों का पालन करें और संस्था की गरिमा को बनाए रखने में सहयोग करें। अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि बिना अनुमति किसी भी सभा या आयोजन में शामिल होना अवैध होगा और इसके परिणामों की जिम्मेदारी संबंधित व्यक्तियों पर होगी। इस अपील के साथ उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी सदस्य इस संवेदनशील मामले में सजगता और संयम से काम लेंगे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts