50 हज़ार का लोन दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, तीन शातिर गिरफ्तार

मुजफ्फरनगर ,पुलिस ने एक बड़े ठगी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह मजबूर और भोलीभाली महिलाओं को निशाना बनाकर उन्हें 50 हज़ार रुपये का लोन दिलाने का झांसा देता था और बदले में दोदो हज़ार रुपये एडवांस के नाम पर वसूल कर फरार हो जाता था। बताया जा रहा है कि अब तक यह गिरोह हजारों महिलाओं को अपनी ठगी का शिकार बना चुका है और लाखों रुपये की धोखाधड़ी कर चुका है।खतौली कोतवाली पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि क्षेत्र में सक्रिय कुछ लोग महिलाओं को फर्जी लोन का लालच देकर उनसे ठगी कर रहे हैं। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष टीम का गठन किया और जब जाल बिछाया गया तो इस गिरोह के तीन सदस्य पुलिस के हत्थे चढ़ गए। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान राहुल सिंह, विक्रम सिंह और साजन खान के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से 17 फर्जी आधार कार्ड, 8 फर्जी वोटर आईडी, 9 मोबाइल फोन, कुछ नकद राशि, पेचकस, फर्जी नंबर प्लेट और कई कंपनियों के फर्जी दस्तावेज मोहरें बरामद की हैं।गिरफ्तार बदमाशों से पूछताछ में पता चला कि वे पिछले कई वर्षों से इस काम को अंजाम दे रहे थे। ये लोग पहले गरीब और जरूरतमंद महिलाओं को टारगेट करते, उन्हें झूठा विश्वास दिलाते कि वे उन्हें 50 हज़ार रुपये का लोन दिलवाएंगे। इसके एवज में वे महिलाओं से एडवांस फीस के नाम पर दोदो हज़ार रुपये वसूलते और रसीद भी देते। लेकिन जैसे ही महिलाएं उनसे दोबारा संपर्क करने की कोशिश करतीं, आरोपी अपने फोन स्विच ऑफ कर गायब हो जाते। इस तरह से गिरोह ने अब तक हजारों महिलाओं को ठगकर लाखों रुपये की अवैध कमाई कर ली थी।मामले की जानकारी देते हुए सीओ खतौली रामाशीष यादव ने बताया कि थाना क्षेत्र से एक पीड़ित महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने आरोप लगाया कि कुछ लोग उससे लोन दिलाने के नाम पर दो हज़ार रुपये ले गए और रसीद भी दी, लेकिन बाद में जब संपर्क किया तो वे लापता हो गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और मुखबिर की सूचना पर संदिग्धों को घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में तीनों आरोपियों ने अपने अपराध की स्वीकारोक्ति की।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस गिरोह का नेटवर्क काफी बड़ा है और इनके अन्य साथियों की तलाश की जा रही है। इनसे बरामद फर्जी दस्तावेजों और मोबाइल फोनों की भी जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि कितनी महिलाओं के साथ धोखाधड़ी की गई है। फिलहाल आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि इनके नेटवर्क का जल्द ही पूरी तरह से भंडाफोड़ कर लिया जाएगा।इस पूरे मामले ने एक बार फिर यह साफ कर दिया है कि ठग समाज के कमजोर वर्गों को सबसे ज्यादा निशाना बनाते हैं। ऐसे में पुलिस लगातार लोगों से अपील कर रही है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या संगठन द्वारा लोन या अन्य सुविधा दिलाने के नाम पर पैसे की मांग की जाए तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। इससे केवल ठगों के हौसले पस्त होंगे, बल्कि लोगों की गाढ़ी कमाई भी सुरक्षित रह सकेगी।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts