मुजफ्फरनगर ; यातायात पुलिस ने शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम व सुदृढ़ बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया। इस दौरान नावल्टी चौक से अंसारी रोड, मालवीय चौक, झांसी की रानी चौक, आलू मंडी से शिव चौक तक प्रमुख बाजारों में सड़कों पर किए गए अतिक्रमण को हटवाया गया। व्यापारियों को सख्त निर्देश दिए गए कि वे अपने प्रतिष्ठानों के सामने किसी प्रकार का अतिक्रमण न करें और सार्वजनिक मार्गों को बाधित करने से बचें। पुलिस ने चेतावनी दी कि भविष्य में अतिक्रमण पाए जाने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा बेतरतीब तरीके से वाहनों की पार्किंग और यातायात नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान कुल 145 वाहनों का चालान किया गया। यातायात पुलिस ने आम नागरिकों व व्यापारियों से अपील की कि वे नियमों का पालन करें और अपने वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें, ताकि शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे। इस अभियान में यातायात पुलिस के अधिकारी व कर्मचारीगण भी मौजूद रहे।















