मुजफ्फरनगर में रिजर्व पुलिस लाइन स्थित बहुउद्देशीय हॉल में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने डायल-112 पीआरवी पर तैनात पुलिस कर्मियों के साथ एक विशेष गोष्ठी का आयोजन किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल, पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार चौबे, अपर पुलिस अधीक्षक नगर सिद्धार्थ के मिश्रा, प्रतिसार निरीक्षक ऊदल सिंह, डायल-112 प्रभारी नोवेन्द्र सिंह सिरोही सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। गोष्ठी के दौरान एसएसपी ने डायल-112 की सभी पीआरवी के रूटों की विस्तार से समीक्षा की और ड्यूटी के दौरान जनता को त्वरित, प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण पुलिस सेवा प्रदान करने के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी घटना या दुर्घटना की सूचना मिलने पर पुलिस कर्मियों को शीघ्रतम समय में मौके पर पहुंचना चाहिए और पीड़ितों की हर संभव मदद करनी चाहिए। साथ ही कर्मियों को संवेदनशीलता और सजगता के साथ कार्य करने, जनता से विनम्र व्यवहार बनाए रखने और ड्यूटी के दौरान साफ-सुथरी वर्दी धारण करने के निर्देश दिए गए। एसएसपी ने पीआरवी वाहनों की समय-समय पर चेकिंग करने, सभी उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, संचार व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने और विशेषकर रात की गश्त को और अधिक प्रभावी बनाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि डायल-112 पुलिस और जनता के बीच एक अहम कड़ी है, इसलिए इस सेवा की जिम्मेदारी गंभीरता और निष्ठा के साथ निभाई जानी चाहिए। गोष्ठी के अंत में एसएसपी ने डायल-112 को पुलिस का महत्वपूर्ण जनसंपर्क माध्यम बताते हुए सभी कर्मियों को अपनी जिम्मेदारियों को पूरी ईमानदारी और तत्परता से निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने यह भी घोषणा की कि पीआरवी पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को प्रतिमाह सम्मानित किया जाएगा, जिससे अन्य कर्मियों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।















