अग्निवीर भर्ती के नाम पर ठगी करने वाला फर्जी आर्मी जवान गिरफ्तार

मुजफ्फरनगर में चल रही अग्निवीर भर्ती के दौरान थाना सिविल लाइन पुलिस ने ठगी करने वाले एक शातिर ठग को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन, पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देशन और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण में की गई। वादी अभिषेक पुत्र राजेंद्र कुमार निवासी पानीमाला, थाना नूरपुर, बिजनौर ने थाना सिविल लाइन पर लिखित तहरीर देकर बताया कि एक व्यक्ति ने उन्हें अग्निवीर भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा पास कराने और चयन सुनिश्चित कराने का झांसा दिया। आरोपी ने उन्हें एक कूटरचित टोकन स्लिप भी दी और इसके एवज में 1 लाख रुपये ठग लिए। तहरीर मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मुकदमा अपराध संख्या 218/25 धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2) बीएनएस पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी। उच्चाधिकारियों के आदेश पर थाना सिविल लाइन पुलिस ने एक टीम का गठन किया। टीम ने 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस का सहारा लिया और मिलिट्री इंटेलिजेंस मध्य कमान से सहयोग प्राप्त किया। लगातार की गई मेहनत रंग लाई और पुलिस ने 5 सितंबर 2025 को कम्पनी बाग क्षेत्र से अभियुक्त को दबोच लिया। गिरफ्तारी के समय आरोपी के कब्जे से आर्मी की वर्दी, फर्जी आर्मी आईडी कार्ड, एक स्कूटी और मोबाइल फोन बरामद हुआ। आरोपी खुद को आर्मी का जवान बताकर युवाओं को धोखा दे रहा था और भर्ती के नाम पर भारी रकम वसूल रहा था। पुलिस का मानना है कि आरोपी ने इस तरह की ठगी की कई घटनाएं की होंगी और उससे पूछताछ के बाद और भी खुलासे हो सकते हैं। थाना सिविल लाइन पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ विधिक कार्यवाही की जा रही है और जल्द ही उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा। इस कार्रवाई से भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं में विश्वास बढ़ा है कि पुलिस ऐसे ठगों पर कड़ी नजर बनाए हुए है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts