मुजफ्फरनगर में इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) मुजफ्फरनगर चैप्टर द्वारा आईआईए कैंपस कनेक्ट कार्यक्रम के अंतर्गत एक भव्य जनरल मीटिंग का आयोजन होटल स्वर्ण इन्न, सर्कुलर रोड पर किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मंत्री कपिल देव अग्रवाल, आईआईए के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश गोयल, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, सीडीओ कंडारकर कमल किशोर देशभूषण, उपायुक्त उद्योग जैस्मिन फौजदार सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे। इसके अलावा सहारनपुर, मुरादाबाद, शामली, कैराना और बुढ़ाना से आए उद्योग प्रतिनिधि, आईटीआई एवं पॉलिटेक्निक संस्थानों के प्रधानाचार्य और छात्र–छात्राएँ भी शामिल हुए।कार्यक्रम का शुभारंभ चैप्टर चेयरमैन अमित जैन ने अतिथियों का स्वागत कर पुष्पगुच्छ भेंट करते हुए किया। इसके बाद मंत्री कपिल देव अग्रवाल, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और आईआईए राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश गोयल ने संयुक्त रूप से बटन दबाकर कैंपस कनेक्ट पोर्टल का उद्घाटन किया। इस अवसर पर आईआईए के निवर्तमान चेयरमैन पवन कुमार गोयल ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियों का उल्लेख किया और उद्योगों की समस्याओं को मजबूती से उठाने के लिए टीम का आभार जताया। उन्होंने बताया कि हाल ही में लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में आईआईए मुजफ्फरनगर चैप्टर को तीन पुरस्कार मिले, जिन्हें मंत्री और जिलाधिकारी के करकमलों से टीम को प्रदान किया गया।चैप्टर चेयरमैन अमित जैन ने कहा कि आईआईए कैंपस कनेक्ट का उद्देश्य केवल उद्योगों को सशक्त बनाना नहीं है, बल्कि युवाओं को उद्यमिता और रोजगारोन्मुख शिक्षा से जोड़ना है। इस पहल से छात्र सीधे उद्योग जगत से जुड़ सकेंगे, जिससे उन्हें व्यवहारिक अनुभव मिलेगा और रोजगार एवं स्टार्टअप के अवसर बढ़ेंगे। मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि यह पहल रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने आईआईए की इस मुहिम को पूरे उत्तर प्रदेश में लागू करने की बात कही और इसे युवाओं के लिए एक बड़ा अवसर बताया।आईआईए के विशेष सचिव अमन गुप्ता ने कैंपस कनेक्ट की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि इस पोर्टल पर लॉगिन करने के बाद छात्रों व उद्यमियों को प्रशिक्षण, रोजगार अवसर, उद्योगों से जुड़ाव और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी एक ही मंच पर मिल जाएगी। वहीं, आईआईए के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश गोयल ने कहा कि यह कार्यक्रम उद्योग और शिक्षा जगत के बीच एक सेतु बनेगा और आने वाले समय में युवाओं के लिए गेम–चेंजर साबित होगा।जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि आईटीआई और पॉलिटेक्निक छात्रों को स्थानीय उद्योगों में प्रशिक्षण एवं रोजगार का सीधा लाभ मिलेगा। कार्यक्रम का संचालन अनमोल अग्रवाल और राहुल मित्तल ने किया। अंत में सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।बैठक में बड़ी संख्या में उद्योगपति उपस्थित रहे जिनमें संजीव अरोरा, सतीश अरोरा, सुधीर अग्रवाल, पंकज अग्रवाल, नीरज केडिया, मनोज अरोरा, दीपक सिंघल, अभिषेक अग्रवाल, शरद जैन, उमेश गोयल, अनमोल गर्ग सहित अन्य उद्यमी शामिल थे। कोषाध्यक्ष सुधीर अग्रवाल ने सभी अतिथियों और उद्योगपतियों का आभार व्यक्त किया। यह आयोजन युवाओं और उद्योगों को जोड़ने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल साबित हुआ।















