मुजफ्फरनगर। तहसील बुढ़ाना के सभागार में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतें जैसे राशन कार्ड, भूमि विवाद, नगर पालिका और नगर पंचायत, राजस्व, श्रम विभाग, पेंशन, विद्युत विभाग और सड़क से संबंधित समस्याएं प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने मौके पर शिकायत रजिस्टर का अवलोकन किया और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि समाधान दिवस पर आने वाली शिकायतों का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से किया जाए।उन्होंने कहा कि प्रत्येक विभागीय अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर शिकायतों का निस्तारण सुनिश्चित करें। यदि किसी शिकायत का निस्तारण संभव नहीं है, तो शिकायतकर्ता को पूरी तरह अवगत कराया जाए। जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि समाधान दिवस पर प्राप्त शिकायतों का एक सप्ताह के भीतर निपटारा होना चाहिए और इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी अधिकारी की लापरवाही या लापरवाह रवैये के कारण शिकायत लंबित रहती है, तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।बैठक के दौरान उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि आईजीआरएस और सम्पूर्ण समाधान दिवस पर प्राप्त शिकायतों को अपलोड करने से पहले अच्छी तरह पढ़ा जाए। शिकायतों के निस्तारण के बाद शिकायतकर्ताओं से फोन पर फीडबैक लेना और मौके का फोटो प्रमाणित करना भी अनिवार्य होगा। जिलाधिकारी ने कहा कि निस्तारण की प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी और निष्पक्ष होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि महिला अपराध संबंधी शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाए ताकि पीड़िताओं को तुरंत राहत मिल सके।समाधान दिवस के दौरान कुल 20 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 05 शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को संदर्भित किया गया, साथ ही स्पष्ट निर्देश दिया गया कि अधिकारी मौके पर जाकर शिकायतकर्ता की संतुष्टि के आधार पर ही निस्तारण सुनिश्चित करें।इसके अतिरिक्त अधिकारियों और कर्मचारियों को साइबर अपराध और साइबर ठगी से बचाव के उपायों के बारे में जागरूक किया गया। प्रशासन ने अपील की कि किसी भी अफवाह की पुष्टि बिना पुलिस या प्रशासन से किए न की जाए।इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल, उप जिलाधिकारी बुढ़ाना अपूर्वा यादव, मुख्य चिकित्सा अधिकारी अनिल कुमार तेवतिया सहित जनपद स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि समाधान दिवस पर आई हर शिकायत का निस्तारण समयसीमा में हो और शिकायतकर्ता की संतुष्टि को प्राथमिकता दी जाए।















