बुढ़ाना विधानसभा क्षेत्र में निकली भव्य बाइक तिरंगा यात्रा

बुढ़ाना विधानसभा क्षेत्र में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने पूर्व विधायक उमेश मलिक के नेतृत्व में भव्य बाइक तिरंगा यात्रा का आयोजन किया। कस्बे से निकली इस यात्रा का शुभारंभ भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव व राज्यसभा सांसद अरुण सिंह ने किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि पूर्व विधायक क्षेत्र के किसानों, मजदूरों और आम जनता की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान के लिए लगातार प्रयासरत हैं। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए सभी से देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने का आह्वान किया।

पूर्व विधायक उमेश मलिक ने कहा कि 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और 2017 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बनी सरकारों ने क्षेत्र और जनपद में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ किया है। उन्होंने 2013 में हुए जनपद के सांप्रदायिक दंगों को याद करते हुए कहा कि तत्कालीन सपा सरकार के समय कस्बे और आसपास के क्षेत्रों में भय का माहौल था, लेकिन भाजपा सरकार में स्थिति पूरी तरह बदल गई है और विकास के साथ-साथ शांति का वातावरण स्थापित हुआ है।

कार्यक्रम की शुरुआत में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिसोदिया, जिला अध्यक्ष सुधीर सैनी और पूर्व विधायक उमेश मलिक ने भारत रत्न, किसान मसीहा और पूर्व प्रधानमंत्री स्व. चौधरी चरण सिंह की मूर्ति पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा नेता श्याम पाल सिंघल ने की जबकि मंच संचालन पूर्व चेयरमैन परमेश सैनी और पलडी प्रधान मोनू सैनी ने किया।

इस अवसर पर जिला सहकारी बैंक के चेयरमेन ठाकुर रामनाथ, भाजयुमो के क्षेत्रीय अध्यक्ष सुखवेंद्र सोम, जिला मंत्री सुधीर खटीक, जिला पंचायत सदस्य विजय कश्यप, डॉ. गौरव सैनी, भाजपा नेता उमेश मित्तल, सोरम मंडल प्रभारी डॉ. कुलदीप त्यागी, विजय बंसल, भाजपा नेत्री रूबी सैनी, हिमांशु सिंघल और अजय गोयल सहित बुढ़ाना विधानसभा क्षेत्र के सभी मंडल अध्यक्ष, युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष, सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। बाइक तिरंगा यात्रा के दौरान देशभक्ति के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा और माहौल देशप्रेम से ओतप्रोत हो गया।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts