मुजफ्फरनगर में ‘हर घर तिरंगा अभियान-2025’ के तृतीय चरण के तहत 13 से 15 अगस्त तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और मुख्य विकास अधिकारी कण्डारकर कमलकिशोर देशभूषण के निर्देशन में अभियान का उद्देश्य स्वतंत्रता, एकता और गौरव के प्रतीक ‘राष्ट्रीय ध्वज’ के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को प्रोत्साहित करना है। इस क्रम में पी आर पब्लिक स्कूल, मुजफ्फरनगर में डॉ. राजीव कुमार के नेतृत्व में ‘राष्ट्रीय ध्वज’ विषय पर क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें अनुष्का, अवनी, दृष्टि, निकुंज, अलीशा, परी, प्राची, हिमानी, डिम्पल, हर्ष और आयुष ने सफलता प्राप्त की। इन प्रतिभागियों का सम्मान फूलमालाएं पहनाकर किया गया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधक अशोक सिंघल को हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत राष्ट्रीय ध्वज भेंट किया गया।कार्यक्रम में राष्ट्रभक्ति गीतों और जोशीले नारों के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का भव्य आयोजन हुआ, जिसमें विद्यालय के छात्र–छात्राओं और शिक्षकों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। सांस्कृतिक कार्यक्रम के संचालन में अनघ सिंघल की विशेष भूमिका रही। मंच से डॉ. राजीव कुमार ने उपस्थित सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान प्रकट करते हुए हर घर पर तिरंगा फहराएं। उन्होंने कहा कि यह अभियान स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि देने और देशभक्ति की भावना को जागृत करने का एक सशक्त माध्यम है।जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार श्रीवास के मार्गदर्शन में पूरे जनपद के विद्यालयों में हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत विविध गतिविधियां संचालित हो रही हैं। इन गतिविधियों में ध्वजारोहण, तिरंगा लाइटिंग, तिरंगा सेल्फी प्रतियोगिता और विषय आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रमुख हैं। नागरिकों को प्रेरित किया जा रहा है कि वे तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर निर्धारित वेबसाइट पर अपलोड करें, जिससे अधिक से अधिक लोग इस राष्ट्रीय अभियान में जुड़ सकें।पी आर पब्लिक स्कूल में हुए इस आयोजन में विद्यालय प्रबंधक अशोक सिंघल, प्रधानाचार्य मीना सिंघल के नेतृत्व में शिक्षक प्रज्ञा सिंधी, दिव्या शर्मा, प्रवीण जायसवाल, शंकर शर्मा और अनुपम सिंह ने अहम योगदान दिया। कार्यक्रम ने न केवल विद्यार्थियों में देशभक्ति का उत्साह जगाया, बल्कि नागरिकों को भी अपने घरों पर तिरंगा फहराने और उसे सम्मान देने के लिए प्रेरित किया। हर घर तिरंगा अभियान-2025 ने मुजफ्फरनगर में देशभक्ति की भावना को एक नए शिखर पर पहुंचा दिया है।















