मुजफ्फरनगर।समर्पित युवा समिति एवं समर्पित महिला शक्ति द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित जज्बा 11 दौड़ की जानकारी जनमानस तक पहुंचाने हेतु आज शहर में एक भव्य बाइक रैली का आयोजन किया गया।
रैली का शुभारंभ जिलाधिकारी उमेश चंद्र मिश्रा, नगर पालिका चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप, पंजाबी समाज समिति के अध्यक्ष अंकुर दुआ सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों द्वारा केसरिया झंडी दिखाकर गांधी वाटिका, गांधी कॉलोनी से किया गया।
बाइक रैली गांधी वाटिका से प्रारंभ होकर द्वारिकापुरी, भोपा रोड, गौशाला रोड, पटेल नगर, जानसठ रोड फ्लाईओवर, महावीर चौक, मीनाक्षी चौक, शिव चौक, झांसी रानी चौक, प्रकाश चौक होते हुए रेशु विहार स्थित सत्य प्रकाश राष्ट्र के निवास स्थान पर सम्पन्न हुई।
रैली मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर लोगों द्वारा पुष्प वर्षा कर रैली का भव्य स्वागत किया गया। समर्पित परिवार के सदस्यों ने पूरे प्रेम एवं उत्साह से लोगों को जज्बा दौड़ में सम्मिलित होने का सादर निमंत्रण दिया।
रैली के दौरान मार्ग भारत माता की जय, वंदे मातरम्, जय हिंद जैसे राष्ट्रभक्ति नारों से गूंज उठा। जहां-जहां से भी रैली गुजरी, वहां-वहां लोगों में आयोजन को लेकर उत्सुकता देखने को मिली और उन्होंने समिति के सदस्यों से दौड़ के बारे में जानकारी प्राप्त की।
इस रैली को सफल बनाने में समर्पित युवा समिति एवं समर्पित महिला शक्ति के सभी सदस्यों ने पूर्ण समर्पण और जोश के साथ योगदान दिया।















